1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : रोहित की शानदार वापसी, रिकेल्टन संग मिलकर MI को दी राहत, LSG की लगातार छठी हार
आईपीएल-19 : रोहित की शानदार वापसी, रिकेल्टन संग मिलकर MI को दी राहत, LSG की लगातार छठी हार

आईपीएल-19 : रोहित की शानदार वापसी, रिकेल्टन संग मिलकर MI को दी राहत, LSG की लगातार छठी हार

0
Social Share

मुंबई, 4 मई। टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में सोमवार की रात दो फिसड्डी टीमों की टक्कर में पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (84 रन, 44 गेंद, सात छक्के, छह चौके) ने चोट से उबरने के बाद न सिर्फ शानदार वापसी की वरन सलामी जोड़ीदार रियान रिकेल्टन (83 रन, 32 गेंद, आठ छक्के, छह चौके) संग मिलकर तूफानी शतकीय भागीदारी से पांच बार के पूर्व चैम्पियन मुंबई इंडियंस (MI) को तनिक राहत भी प्रदान कर दी, जिसने लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) को 10 गेंदों के शेष रहते छह विकेट की शिकस्त देने के साथ प्लेऑफ में प्रवेश की अपनी हल्की आस कायम रखी।

पूरन के नाम दूसरी तीव्रतम फिफ्टी, सत्र के अपने सर्वोच्च स्कोर तक पहुंचा लखनऊ

वानखेड़े स्टेडियम में पहले फील्डिंग का फैसला करने वाली मेजबान टीम एकबारगी तो मुश्किल में फंस चुकी थी, जब निकोलस पूरन ने लीग का दूसरा तीव्रतम पचासा (63 रन 21 गेंद, आठ छक्के, एक चौका) ठोकते हुए लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) को सत्र का उसका सर्वोच्च स्कोर (5-228) प्रदान कर दिया था।

पूरन व ओपनर मिचेल मार्श (44 रन, 25 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) के बाद एडेन मार्करम (नाबाद 31 रन, 25 गेंद, एक छक्का, एक चौका) व पुछल्ले हिम्मत सिंह (नाबाद 40 रन, 31 गेंद, दो छक्के, दो चौके) की तेज पारियों से एक समय लग रहा था कि मेजबान गेंदबाज 250 रन लुटा देंगे। हालांकि गेंदबाजों ने आखिरी तीन ओवरों में सिर्फ एक बाउंड्री दी और मेहमान दल 230 रनों के अंदर ही रुक गया।

रिकेल्टन व रोहित ने 65 गेंदों पर ही ठोक दिए 143 रन

खैर, इसके बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रिकेल्टन और हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण पांच मैचों से बाहर रहने के बाद अब पूरी तरह फिट होकर वापसी करने वाले रोहित शर्मा के बल्लों से ऐसा धूम-धड़ाका दिखा कि कुछ मत पूछिए। दोनों ने 65 गेंदों पर ही 143 रनों की तूफानी भागीदारी कर दी और इसका फायदा उठाते हुए मुंबई इंडियंस ने 18.4 ओवरों में 18.4 ओवरों में चार विकेट पर 229 रन बना लिए।

वानखेड़े स्टेडियम में लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की सबसे बड़ी जीत

यह वानखेड़े स्टेडियम में लक्ष्य का पीछा करते हुए हासिल की गई मुंबई की अब तक की सबसे बड़ी जीत थी। इस क्रम में उसने 220 रनों का लक्ष्य भी पीछे छोड़ दिया, जो उसने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ सीजन के अपने पहले मैच में हासिल किया था।

पिछले हफ्ते वानखेड़े में ही सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल इतिहास में मुंबई के लिए तीव्रतम शतक के साथ सर्वोच्च स्कोरर (नाबाद 123 रन) बने रिकेल्टन का तूफान 11वें ओवर में मोहसिन खान (1-47) ने रोका तो 27 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा करने वाले 39 वर्षीय रोहित 14वें ओवर में 177 के स्कोर पर मनिमारन सिद्धार्थ (2-47) के शिकार बने। उस समय मुंबई को जीत के लिए 36 गेंदों पर सिर्फ 52 रनों की जरूरत थी।

स्कोर कार्ड

हालांकि तिलक वर्मा (11 रन) व चोट के चलते एकादश से बाहर हार्दिक पंड्या की जगह कप्तानी संभालने वाले सूर्यकुमार यादव (12 रन, सात गेंद, दो चौके) बहुत दूर नहीं जा सके। लेकिन नमन धीर (नाबाद 23 रन, 12 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) व विल जैक्स (नाबाद 10 रन, चार गेंद, एक छक्का) ने मिलकर जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।

मुंबई ने लगातार तीन पराजयों का सिलसिला तोड़ा

मुंबई ने इसके साथ ही लगातार तीन हार का सिलसिला तोड़ते हुए 10 मैचों में तीसरी जीत हासिल की। हालांकि वह अब भी 10 मैचों में सात पराजयों के चलते सिर्फ छह अंक लेकर नौवें स्थान पर पड़ा है फिसड्डी लखनऊ को लगातार छठी हार का सामना करना पड़ा। उसके खाते में नौ मैचों में सात पराजयों के मुकाबले दो जीत के सहारे सिर्फ चार अंक हैं।

मिचेल मार्श व पूरन ने 35 गेंदों पर उड़ा दिए 94 रन

इसके पूर्व लखनऊ की पारी देखें तो जोश इंग्लिस (13 रन, पांच गेंद,तीन चौके) भले ही तीसरे ही ओवर में अल्लाह गजनफर के शिकार हो गए। लेकिन इसके बाद मार्श को पूरन का साथ मिला। दोनों ने सिर्फ 35 गेंदों पर 94 रनों की विस्फोटक भागीदारी कर दी। इस दौरान पॉवरप्ले में 90 रन जुड़ चुके थे।

सत्र में पहली बार रंगत में दिखे पूरन ने इसके साथ ही सिर्फ 16 गेंदों पर आईपीएल का दूसरा तीव्रतम पचासा अपने नाम लिखाया। हालांकि कोर्बिन बोच (2-20) ने नौवें ओवर में पूरन व रिकेल्टन को लौटा दिया जबकि मौजूदा सत्र में निराशाजनक फॉर्म में चल रहे कप्तान ऋषभ पंत (15 रन, 10 गेंद, एक छक्का, एक चौका) व नवप्रवेशी अक्षत रघुवंशी (11 रन, सात गेंद, एक छक्का) भी अपनी पारियों को विस्तार नहीं दे सके।

मार्करम व हिम्मत के बीच 49 गेंदों पर 68 रनों की भागीदारी

लेकिन एडेन मार्करम व हिम्मत सिंह ने अंत में छठे विकेट के लिए 49 गेंदों पर 68 रनों की अटूट साझेदारी से टीम का स्कोर 230 के करीब पहुंचाया। हालांकि दोनों ही अंतिम तीन ओवरों में सिर्फ 22 रन जोड़ सके, अन्यथा टीम 250 रनों के आसपास पहुंच सकती थी। कोर्बिन के अलावा अल्लाह गजनफर, विल जैक्स और रघु शर्मा ने आपस में तीन विकेट बांटे।

मंगलवार का मैच : दिल्ली कैपिटल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (दिल्ली, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code