राहुल गांधी का चिर-परिचित जनसम्पर्क : आवास के बाहर ऑटो चालक की वर्दी में दिखे, ऑटो चालकों की समस्याएं सुनीं

नई दिल्ली, 31 मई। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी एक बार फिर अपने चिर-परिचित जनसंपर्क अभियान में दिखे। दरअसल, राष्ट्रीय राजधानी के अपने सरकारी आवास के बाहर वह अचानक ऑटो चालक की वर्दी में नजर आए। उनके इस बदले हुए स्वरूप को देखकर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए।

कांग्रेस सांसद ने ऑटो ड्राइवरों से की मुलाकात

प्राप्त जानकारी के अनुसार राहुल गांधी ने यह अनोखा रूप ऑटो चालकों की जिंदगी को करीब से समझने और उनकी समस्याओं को जानने के लिए अपनाया। उन्होंने अपने आवास के बाहर कई ऑटो रिक्शा चालकों को आमंत्रित किया था। इस पूरी मुलाकात का मुख्य उद्देश्य जमीन से जुड़े इन कामगारों के दैनिक संघर्षों को मुख्यधारा की चर्चा में लाना था।

ऑटो ड्राइवरों के साथ जमीन पर बैठकर खाया खाना

राहुल गांधी ने इस मुलाकात के दौरान न सिर्फ ऑटो चालकों से उनके काम, कमाई और पुलिस-प्रशासन से जुड़ी दिक्कतों पर लंबी बातचीत की बल्कि उनके साथ जमीन पर बैठकर सादा भोजन भी किया। चालकों ने राहुल को बताया कि कैसे बढ़ती महंगाई और सीएनजी के दामों ने उनकी कमर तोड़ दी है। राहुल ने बेहद संजीदगी से उनकी बातें सुनीं और उन्हें हर संभव मदद का आश्वासन दिया।

इससे पहले भी आम लोगों से मिल चुके हैं राहुल

वैसे यह पहली बार नहीं है, जब राहुल अलग अंदाज में दिखे और इस तरह आम लोगों के बीच पहुंचे। इससे पहले भी वह अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और अन्य कार्यक्रमों के दौरान कभी ट्रक ड्राइवरों के साथ सफर करते तो कभी मैकेनिकों की दुकान पर बैठकर वाहन ठीक करते नजर आ चुके हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular