1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी 14 जनवरी को ‘भारत न्याय यात्रा’ पर निकलेंगे, इम्फाल से मुंबई की यात्रा 20 मार्च को संपन्न होगी
राहुल गांधी 14 जनवरी को ‘भारत न्याय यात्रा’ पर निकलेंगे, इम्फाल से मुंबई की यात्रा 20 मार्च को संपन्न होगी

राहुल गांधी 14 जनवरी को ‘भारत न्याय यात्रा’ पर निकलेंगे, इम्फाल से मुंबई की यात्रा 20 मार्च को संपन्न होगी

0
Social Share

नई दिल्ली, 27 दिसम्बर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की अपार सफलता के बाद अब पूर्व से पश्चिम तक ‘भारत न्याय यात्रा’ की तैयारी कर ली है। कांग्रेस पार्टी ने इस यात्रा की घोषणा करते हुए बुधवार को बताया कि राहुल गांधी 14 जनवरी को मणिपुर की राजधानी इम्फाल से यात्रा शुरू करेंगे, जो मुंबई में 20 मार्च को संपन्न होगी।

6,200 किमी की यात्रा में राहुल कुल 14 राज्यों और 85 जिलों को कवर करेंगे

बताया जा रहा है कि लगभग सवा दो माह लंबी इस यात्रा के दौरान राहुल गांधी युवाओं, महिलाओं और हाशिये पर मौजूद लोगों से बातचीत करेंगे। कांग्रेस पार्टी ने कहा कि भारत न्याय यात्रा में राहुल गांधी कुल मिलाकर 6,200 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यह यात्रा मणिपुर, नगालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और अंत में महाराष्ट्र से होकर गुजरेगी। यानी 67 दिवसीय यात्रा में कुल 14 राज्यों के 85 जिले पड़ेंगे।

इस बार बस से यात्रा करेंगे राहुल, कुछ हिस्सों में पदयात्रा भी करेंगे

कांग्रेस संगठन के सचिव केसी वेणुगोपाल ने इस बाबत जानकी देते हुए बताया, ‘भारत न्याय यात्रा 14 जनवरी से 20 मार्च तक मणिपुर से मुंबई तक शुरू होगी। राहुल गांधी के पास पहले से भारत जोड़ो यात्रा का शानदार अनुभव है। इस यात्रा में भी वो लोगों से बातचीत करेंगे और महिलाओं के साथ-साथ हाशिए पर रहने वाले लोगों के साथ अपना सफर पूरा करेंगे। इस बार राहुल की यात्रा बस द्वारा की जाएगी और मार्ग के कुछ हिस्सों में वो पदयात्रा भी करेंगे।’

कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे दिखाए यात्रा को हरी झंडी

वेणुगोपाल ने कहा, ’21 दिसम्बर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राय दी कि राहुल गांधी को पूर्व से पश्चिम तक यात्रा शुरू करनी चाहिए। राहुल गांधी कांग्रेस कार्यसमिति की इच्छाओं को पूरा करने के लिए भी सहमत हुए। राहुल गांधी की इस यात्रा को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान भी तेज होने की उम्मीद है। जिन राज्यों से यात्रा गुजरने की उम्मीद है, उनमें से कुछ राज्यों में वर्तमान में उन पार्टियों का शासन है, जो विपक्षी गठबंधन इंडिया का हिस्सा हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या वह पार्टियां भी राहुल गांधी की इस यात्रा में शामिल होती हैं?

3,970 किमी लंबी भारत जोड़ो यात्रा130 दिनों में 14 राज्यों से गुजरी थी

इससे पहले राहुल गांधी ने सात सितम्बर, 2022 को कन्याकुमारी से भारत जोड़ो यात्रा शुरू की थी। वह यात्रा 3,970 किमी, 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों को कवर करने और 130 दिनों से अधिक चलने के बाद 30 जनवरी, 2023 को श्रीनगर में समाप्त हुई थी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code