रांची, छह नवम्बर। झारखंड की आदिवासी नेत्री और सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत ने गुरुवार को यहां फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्मघाती कदम उठाने से लगभग तीन घंटे पहले पहले वह फेसबुक लाइव आईं और रोते हुए सरकार, पुलिस और जमीन दलालों पर आरोप लगाए।
झारखंड पुलिस को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया
उल्लेखनीय है कि निशा भगत आदिवासियों की जमीन और अधिकारों के मुद्दे उठाती थीं। वह मानसिक तनाव में थीं। फेसबुक पोस्ट में उन्होंने झारखंड पुलिस को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया और लिखा, ‘मेरी मौत का जिम्मेदार झारखंड पुलिस।’ पोस्ट में उन्होंने मिशनरी, पैसे और जमीन को लेकर भी बात रखी थी।
बताया जाता है कि लाइव के दौरान ही निशा भगत ने पिठोरिया थाना प्रभारी को फोन कर अपनी जान देने की बात कही थी। इसके बाद मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय स्तर पर हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, निशा भगत की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेजा। पुलिस सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और संदेशों की भी जांच कर रही है।
रिम्स के डॉक्टरों ने की पुष्टि
निशा भगत की खुदकुशी की पुष्टि रिम्स के डॉक्टरों ने की। उन्होंने कहा कि इलाज के लिए जब उन्हें अस्पताल में लाया गया, उससे पहले ही उनका निधन हो चुका था। उन्होंने कहा कि आदिवासी नेता निशा भगत को मृत ही लाया गया था।
फेसबुक लाइव और फोन कॉल की जांच
निशा भगत ने फेसबुक लाइव के दौरान कई लोगों पर आरोप लगाए थे। इसके बाद थाना प्रभारी से हुई उनकी फोन पर बातचीत भी जांच का अहम हिस्सा मानी जा रही है। पुलिस फेसबुक लाइव के वीडियो, फोन कॉल और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि उन्होंने लाइव के दौरान जिन लोगों पर आरोप लगाए थे, उनके खिलाफ पहले से कोई शिकायत दर्ज कराई गई थी या नहीं।
जनजातीय समाज के हक-अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली और समाज की मुखर आवाज रही युवा नेत्री निशा भगत के आत्महत्या की जानकारी मिली है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री @HemantSorenJMM, पिठोरिया थाना प्रभारी और अजय तिर्की को जिम्मेवार ठहराया है।
मुख्यमंत्री के इशारे पर कुछ दलालों द्वारा आदिवासियों की जमीन हड़पने का प्रयास किया जा रहा है। राज्य के हर थाना और अंचल में जमीन लूट का खेल चल रहा है। आदिवासी समाज आखिर अपनी ही जमीन पर कब तक प्रताड़ित होता रहेगा?
इससे अधिक शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता कि आदिवासियों के हक-अधिकारों की आवाज उठाने वाली एक युवा महिला को इस हद तक प्रताड़ित होना पड़े कि वह अपनी जान दे दे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें। निशा भगत ने जिन लोगों को अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेवार बताया है, उनकी शीघ्र गिरफ्तारी हो तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
@BJP4India @narendramodi @AmitShah @NitinNabin @blsanthosh @BJP4Jharkhand
— Babulal Marandi (@yourBabulal) November 6, 2026
बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की
इस बीच निशा भगत की मौत के बाद वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी ने मांग उठा दी कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें। मरांडी ने यह भी कहा कि निशा भगत ने जिन लोगों को अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है, उनकी शीघ्र गिरफ्तारी हो तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर काररवाई की जाए।


