1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी ने अब संसद में दिया फ्लाइंग किस, कई महिला सांसदों ने स्पीकर को दी शिकायत
राहुल गांधी ने अब संसद में दिया फ्लाइंग किस, कई महिला सांसदों ने स्पीकर को दी शिकायत

राहुल गांधी ने अब संसद में दिया फ्लाइंग किस, कई महिला सांसदों ने स्पीकर को दी शिकायत

0
Social Share

नई दिल्ली, 9 अगस्त। कांग्रेस नेता राहुल गांधी फिर विवादों में घिर गए हैं। बुधवार को उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान संसद में भाजपा सांसदों की तरफ इशारा करते हुए फ्लाइंग किस दिया। उनके रिएक्शन पर कई महिला सांसदों की तरफ से लोकसभा अध्यक्ष को शिकायत की गई है। वहीं, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने इसे अभद्रता बताया है

उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी सांसद के रूप में बहाल होने के बाद पहली बार लोकसभा में बोले। मोदी सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा में भाग लेते हुए अपना भाषण समाप्त करने के बाद वह बाहर निकल रहे थे तो एक ऐसा वाकया हुआ, जिस पर महिला सांसदों ने आपत्ति जताई है। उस समय केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का भाषण चल रहा था। हालांकि, राहुल के रिएक्शन का वह क्षण कैमरे में कैद नहीं हुआ है।

फ्लाइंग किस दिया और बाहर निकल गए राहुल

इस पल के गवाह रहे लोगों के अनुसार, जब राहुल गांधी अपने अविश्वास प्रस्ताव भाषण के बाद लोकसभा परिसर से बाहर निकल रहे थे तो उनकी कुछ फाइलें गिर गई थीं। जैसे ही वो उन्हें उठाने के लिए झुके तो कुछ भाजपा सांसद उन पर हंसने लगे। इस पर राहुल गांधी ने भाजपा सांसदों की तरफ फ्लाइंग किस दिया और हंसते हुए बाहर चले गए।

एक महिला विरोधी ही ऐसा उदाहरण दे सकता

राहुल के इस कृत्य पर विवाद शुरू हो गया। संसद में भाषण के दौरान केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा और कहा, ‘सिर्फ एक महिला विरोधी व्यक्ति ही संसद में महिला सांसदों को फ्लाइंग किस दे सकता है। ऐसा उदाहरण पहले कभी नहीं देखा गया। इससे पता चलता है कि वह महिलाओं को लेकर क्या सोचते हैं। यह अभद्रता है।

लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत

केंद्रीय कृषि मंत्री शोभा करंदलाजे ने भी फ्लाइंग किस को लेकर कांग्रेस सांसद पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल के व्यवहार को ‘अनुचित’ बताया और लोकसभा अध्यक्ष के पास शिकायत दर्ज कराई। कई महिला सांसदों ने शिकायत पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। इस पत्र में उन्होंने कड़ी काररवाई की मांग की है। हस्ताक्षर करने वाली सभी महिला भाजपा सांसद स्पीकर कक्ष में पहुंची थीं।

 

यह अनुचित और अशोभनीय व्यवहार

शोभा करंदलाजे ने कहा, ‘सभी महिला सदस्यों को फ्लाइंग किस देकर राहुल गांधी चले गए। यह सरासर दुर्व्यवहार है। यह एक सदस्य का अनुचित और अशोभनीय व्यवहार है। वरिष्ठ सदस्य बता रहे हैं कि यह भारत की संसद के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ। यह कैसा व्यवहार है? वह किस तरह के नेता हैं? इसलिए, हमने इसकी सीसीटीवी फुटेज लेने और उनके खिलाफ काररवाई करने के लिए स्पीकर से शिकायत की है। हमने एक्शन की मांग की है।’

क्या कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए?’

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का कहना था कि संसद में पहले कभी किसी पुरुष का महिला विरोधी व्यवहार इतना स्पष्ट नहीं हुआ, जितना आज राहुल गांधी ने किया। वो सदन, जहां महिलाओं की गरिमा की रक्षा के लिए कानून बनाए जाते हैं, एक सत्र के दौरान स्त्री विरोधी हरकत का गवाह बनता है। मेरा सवाल यह है कि उसे कठघरे में खड़ा किया जाना चाहिए?

राहुल ने जुलाई, 2018 में पीएम मोदी की सीट पर जाकर उन्हें गले लगाया था 

गौरतलब है कि जुलाई, 2018 में इसी प्रकार अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान राहुल ने भाषण दिया था। उस भाषण पर तालियां भी खूब बजी थीं। लेकिन भाषण के बाद राहुल अचानक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सीट पर चले गए और उन्हें गले लगा लिया।

पीएम को गले लगाने के बाद ज्योतिरादित्य सिंधिया को आंख भी मारी थी

दरअसल, अपना भाषण खत्म करने के बाद राहुल गांधी प्रधानमंत्री मोदी की सीट के पास पहुंच गए और उन्हें गले लगा लिया। इसके बाद राहुल ने अपनी सीट पर पहुंचकर बगल में बैठे ज्योतिरादित्य सिंधिया को आंख मारी। उस समय सिंधिया कांग्रेस में हुआ करते थे।

इस पर अगले दिन प्रधानमंत्री मोदी ने जवाब देते हुए कहा था, ‘पूरा देश टीवी पर आंखों का खेल देख रहा था। कैसे आंखें खोली जा रही हैं, कैसे बंद की जा रही हैं।’ इतना ही नहीं, पीएम मोदी ने तंज कसते हुए कहा था, ‘आप तो नामदार हैं और हम कामगार। भला हम कैसे आंख मिला सकते हैं।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code