1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : राहुल व निसांका के तूफानी पचासों से जीत की राह पर लौटा DC, रोमांचक संघर्ष में RR परास्त
आईपीएल-19 : राहुल व निसांका के तूफानी पचासों से जीत की राह पर लौटा DC, रोमांचक संघर्ष में RR परास्त

आईपीएल-19 : राहुल व निसांका के तूफानी पचासों से जीत की राह पर लौटा DC, रोमांचक संघर्ष में RR परास्त

0
Social Share

जयपुर, 1 मई। सवाई मानसिंह स्टेडियम में शुक्रवार की रात रनों के धूम-धड़ाके के बीच ओपनर द्वय केएल राहुल (75 रन,40 गेंद, पांच छक्के, छह चौके) व पथुम निसांका (62 रन, 33 गेंद, तीन छक्के, छह चौके) की तूफानी अर्धशतकीय पारियां दिल्ली कैपिटल्स के लिए निर्णायक साबित हुईं, जिसने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में न सिर्फ लगातार तीन पराजयों का सिलसिला तोड़ा वरन रोमांचक संघर्ष के बीच राजस्थान रॉयल्स को पांच गेंदों के शेष रहते सात विकेट से हरा दिया।

कप्तान पराग के दमदार 90 रनों की मदद से 225 तक पहुंचा राजस्थान

पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली राजस्थानी टीम ने ई-सिगरेट पीने के आरोप में जुर्माने के तौर पर मैच फीस का 25 फीसदी शुल्क कटवाने के बाद पहली बार रंगत में दिखे कप्तान रियान पराग (90 रन, 50 गेंद, पांच छक्के, आठ चौके) के विस्फोटक अर्धशतकीय प्रहार से छह विकेट पर 225 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया था।

राहुल ने पथुम व नीतीश संग मिलकर तैयार किया दिल्ली की जात का आधार

लेकिन चालू सत्र में एक शतक के साथ तीसरा पचासा जड़ने वाले ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ राहुल ने पथुम व नीतीश राणा (33 रन, 17 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) संग मिलकर कैपिटल्स की जीत का आधार तैयार किया, जिसने 19.1 ओवरों में तीन विकेट पर ही 226 रन बना लिए।

आशुतोष व स्टब्स ने 49 रनों की अटूट साझेदारी से सुनिश्चित की जीत

स्लाग ओवरों में आशुतोष शर्मा (नाबाद 25 रन, 15 गेंद, चार चौके) व ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 18 रन, 11 गेंद, एक छक्का, एक चौका) ने 24 गेंदों पर अटूट 49 रनों की साझेदारी से दल की जीत को अंतिम स्पर्श दिया।

आईपीएल इतिहास में डीसी का सबसे बड़ा सफल चेज

दिलचस्प यह रहा कि मौजूदा सत्र में अब तक खेले गए 43 मैचों में 11वां अवसर था, जब 200 प्लस का सफल चेज हुआ। वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल इतिहास में सामने पड़े अब तक के अपने सबसे बड़े लक्ष्य का सफल चेज किया।

राजस्थान रॉयल की 10 मैचों में चौथी हार

राजस्थान रॉयल्स की 10 मैचों में यह चौथी हार थी और वह 12 अंकों के साथ अंक तालिका में चौथे स्थान पर कायम है। वहीं लगातार तीन पराजयों के बीच बहुप्रतीक्षित जीत की राह पर लौटे दिल्ली कैपिटल्स के अब नौ मैचों में चार जीत से आठ अंक हैं और वह छठे स्थान पहुंच गया है।

पथुम व राहुल ने 57 गेंदों पर ठोक दिए 110 रन

अपेक्षाकृत कठिन लक्ष्य के सामने दिल्ली की पारी देखें राहुल व निसांका ने धमाकेदार अंदाज में शुरुआत की और पॉवरप्ले में ही 70 रन ठोकने के साथ पहले विकेट के लिए 57 गेंदों पर 110 रनों की त्वरित साझेदारी कर दी। जोफ्रा आर्चर ने 10वें ओवर में पथुम को लौटाकर यह भागीदारी तोड़ी तो राहुल व नीतीश के बीच 30 गेंदों पर 61 रनों की एक और तेज साझेदारी आ गई। हालांकि ये दोनों लगातार ओवरों मे लौट गए। लेकिन स्टब्स व आशुतोष ने बखूबी कमान संभालते हुए दल को मंजिल दिला दी।

खराब शुरुआत के बाद पराग व जुरेल ने 59 गेंदों पर तोड़े 102 रन

इससे पहले राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत खराब रही, जब दोनों विस्फोटक ओपनर यानी यशस्वी जायसवाल (छह रन, एक छक्का) व वैभव सूर्यवंशी (चार रन, एक चौका) पहले दो ओवरों में लौट गए। वापसी कर रहे मिचेल स्टार्क (3-40) ने पारी की तीसरी गेंद पर यशस्वी को मायूस किया तो अगले ओवर में काइल जैमिसन ने वैभव को बोल्ड मार दिया (2-12)। लेकिन इसके बाद ध्रुव जुरेल (42 रन, 30 गेंद, एक छक्का, चार चौके) व पराग ने 59 गेंदों पर 102 रनों की तेज साझेदारी कर दी।

रियान व जडेजा ने 28 गेंदों पर 53 रनों की साझेदारी की

कप्तान अक्षर पटेल (1-39) ने 12वें ओवर में जुरेल को स्टब्स से कैच कराया तो पराग ने रवींद्र जडेजा (20 रन, 14 गेंद, एक छक्का, एक चौका) संग 28 गेंदों पर 53 रनों की एक और तेज भागीदारी कर दी। हालांकि ये दोनों 17वें ओवर में स्टार्क के शिकार हो गए।

स्कोर कार्ड

लेकिन डोनोवान फरेरा (नाबाद 47 रन, 14 गेंद, छह छक्के, दो चौके) ने शुभम दुबे (छह रन), जोफ्रा आर्चर (नाबाद एक रन) की मौजूदगी में तेज हाथ दिखाते हुए 20 गेंदों पर 57 रन ठोकने के साथ टीम को सवा दो सौ रनों तक पहुंचा दिया। यह अलग बात है कि इस स्कोर का बचाव उसके गेंदबाज नहीं कर सके।

शनिवार का मैच : चेन्नई सुपर किंग्स बनाम मुंबई इंडियंस  (चेन्नई, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code