Site icon hindi.revoi.in

पंजाब के सीएम भगवंत मान बोले- राजनीतिक गुमनामी में खो जाएंगे 7 गद्दार सांसद

Social Share

चंडीगढ़, 25 अप्रैल। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एक दिन पहले अचानक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल राघव चड्ढा सहित आम आदमी पार्टी (AAP) के सात राज्यसभा सदस्यों को गद्दार करार देते हए उनपर जमकर भड़ास निकाली।

सरपंच चुनाव लड़ने के भी लायक नहीं थे, अपनी जान बचाने के लिए भाजपा में गए

सीएम मान ने कहा कि पार्टी ने उन्हें तब भी बहुत कुछ दिया, जब वे सरपंच चुनाव लड़ने के भी लायक नहीं थे। ये लोग अपनी जान बचाने के लिए भाजपा में गए हैं। भाजपा से उन्हें कुछ नहीं मिलेगा।’

‘जिन्होंने पंजाबियों को धोखा दिया, वे राजनीति से गायब हो चुके हैं

भगवंत मान ने कहा, ‘पंजाबियों ने विश्वासघात को कभी नहीं भुलाया है, और जिन्होंने उन्हें धोखा दिया, वे राजनीति से गायब हो चुके हैं। कमालो व मानशाहियान जैसे नेताओं ने अपनी विचारधारा के साथ विश्वासघात किया और वे जनमानस की स्मृति से मिट चुके हैं। लोकतंत्र में पार्टी सर्वोपरि होती है, न कि वे व्यक्ति जो अपनी मर्जी से आते-जाते रहते हैं।’

पंजाब में भाजपा का कोई आधार नहीं, वह ‘आप के कार्यों से भयभीत’

मुख्यमंत्री मान ने कहा कि भाजपा ‘पंजाब से नफरत करती है’ और राज्य के सांसदों को अपने पाले में करके उसने राज्य के साथ विश्वासघात किया है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भाजपा का कोई आधार नहीं है और वह ‘आप द्वारा किए गए कार्यों से डरी हुई है’।

उन्होंने कहा कि पंजाबी लोग अपने साथ विश्वासघात करने वालों से नफरत करते हैं। लोगों ने सुखपाल खैरा, मास्टर बलदेव सिंह, कंवर संधू और जगदेव कमालू को पहले ही सबक सिखा दिया था, जब उन्होंने पंजाब को तोड़ने की कोशिश की थी।

अदरक, लहसुन, जीरा, मेथी पाउडर…..

AAP छोड़ भाजपा में शामिल होने वाले सात सांसदों पर हमला करने के क्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इन सात सांसदों की तुलना सब्जी बनाने में इस्तेमाल किए जाने वाले सात मसालों के साथ भी कर डाली।

उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, ‘अदरक, लहसुन, जीरा, मेथी पाउडर, लाल मिर्च, काली मिर्च और धनिया – ये सातों चीजें सब्जियों को स्वादिष्ट बनाती हैं। लेकिन ये अपने आप में सब्जी नहीं बन सकतीं।’ सीएम मान का ये ट्वीट राघव चड्ढा समेत सातों सांसदों पर बड़ा हमला माना जा रहा है।

Exit mobile version