1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. प्रियंका गांधी का पीएम मोदी पर पलटवार – ‘मेरी मां का मंगलसूत्र इस देश पर कुर्बान हुआ, दादी ने युद्ध में दिया सोना’
प्रियंका गांधी का पीएम मोदी पर पलटवार – ‘मेरी मां का मंगलसूत्र इस देश पर कुर्बान हुआ, दादी ने युद्ध में दिया सोना’

प्रियंका गांधी का पीएम मोदी पर पलटवार – ‘मेरी मां का मंगलसूत्र इस देश पर कुर्बान हुआ, दादी ने युद्ध में दिया सोना’

0
Social Share

बेंगलुरु, 23 अप्रैल। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार की शाम यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी ‘मां का मंगलसूत्र इस देश को कुर्बान हुआ है।’ बेंगलुरु में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि देश की आजादी के बाद से 55 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन तब किसी ने किसी का सोना, मंगलसूत्र नहीं छीना।

मोदी ने चुनावी रैली में कहा था – कांग्रेस की नजर अब महिलाओं के मंगलसूत्र पर

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मोदी ने बीते दिनों एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था कि देश की संपत्ति लूटने को अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझने वाली कांग्रेस की नजर अब महिलाओं के मंगलसूत्र पर है। अलीगढ़ और हाथरस लोकसभा सीटों से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशियों के लिए प्रचार करने पहुंचे मोदी ने सोमवार को कहा था, ‘कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नजर अब आपकी कमाई पर है और आपकी संपत्ति पर है। कांग्रेस के शहजादे (राहुल गांधी) का कहना है कि उनकी सरकार आई तो कौन कितना कमाता है, किसके पास कितनी प्रॉपर्टी, धन, मकान है, उसकी जांच कराएंगे। इतना ही नहीं इन संपत्तियों को सरकार अपने कब्जे में लेकर सबको बांट देगी। ये उनका घोषणापत्र कह रहा है। हमारी माताओं बहनों के पास सोना होता है। मंगलसूत्र पर भी उनकी नजर है।’

भाजपा के लोग महिलाओं के संघर्ष को नहीं समझ सकते – प्रियंका

अब पीएम मोदी पर पलटवार करते हुए प्रियंका ने कहा, ‘पिछले दो दिनों से कहा जा रहा है कि कांग्रेस पार्टी आपसे आपका मंगलसूत्र और आपका सोना छीनना चाहती है। देश को आजाद हुए 70 साल हो गए और 55 साल कांग्रेस की सरकार रही। क्या किसी ने आपका सोना, मंगलसूत्र छीन लिया? युद्ध के दौरान इंदिरा गांधी ने अपना सोना देश को दिया। मेरी मां का मंगलसूत्र इस देश को कुर्बान हुआ है…सच्चाई यह है कि ये (भाजपा) लोग महिलाओं के संघर्ष को नहीं समझ सकते।’

इससे पहले दिन में कर्नाटक के ही चित्रदुर्ग में भी एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रियंका ने पीएम मोदी पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया, ‘देश के सबसे बड़े नेता ने नैतिकता छोड़ दी है, वह लोगों के सामने नाटक करते हैं और सत्य के पथ पर नहीं चलते।’

आज देश के सबसे बड़े नेता‘ नैतिकता को छोड़ सिर्फ नाटक कर रहे

प्रियंका ने आरोप लगाया कि विपक्षियों की आवाज दबाकर, उनके बैंक खातों पर रोक लगाकर और दो मुख्यमंत्रियों को जेल में डालकर विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। प्रियंका ने इस जिला मुख्यालय शहर में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘एक जमाना था जब देश में एक नेता खड़ा होता था तो देशवासी उससे ये आशा रखते थे कि वह एक नैतिक इंसान होगा। आज देश के ‘सबसे बड़े नेता’ नैतिकता को छोड़कर आपके सामने नाटक करते हैं।’

चुनावी बॉण्ड पर बोलीं – अब समझ आ रहा कि काले धन को सफेद कैसे किया गया

चुनावी बॉण्ड योजना को रद किए जाने के संबंध में भी प्रियंका ने गंभीर आरोप लगाते हए कहा कि जिन कम्पनियों पर छापे मारे गए, उन्होंने भाजपा को चंदा दिया। उसके बाद उनके खिलाफ चल रहे मामले बंद कर दिए गए। अब साफ हो रहा है कि नोटबंदी के दौरान किस तरह से काले धन को सफेद किया गया था और उसके बाद उसे भाजपा के खाते में जमा कर दिया गया।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code