Homeहिन्दीराजनीतिकोलकाता कांड पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सख्त टिप्पणी - 'बस अब...

कोलकाता कांड पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की सख्त टिप्पणी – ‘बस अब बहुत हो गया, मैं निराश और भयभीत हूं…’

नई दिल्ली, 28 अगस्त। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कोलकाता कांड पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा है, ‘बस अब बहुत हो गया, मैं महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर व्यथित हूं और कोलकाता की घटना से निराश व भयभीत हूं।’ राष्ट्रपति मुर्मू ने राष्ट्रीय समाचार एजेंसी प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (PTI) की 77वीं वर्षगांठ के अवसर पर आज राष्ट्रपति भवन में एजेंसी के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान ये बातें कहीं।

उल्लेखनीय है कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर से गत 8-9 अगस्त की रात दुष्कर्म के बाद उसकी नृशंस हत्या कर दी गई थी। उसके बाद से ही जारी विरोध प्रदर्शन का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है।

समाज को खुद से कड़े सवाल पूछने की जरूरत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने एजेंसी से बातचीत में कहा, “महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर समाज को ‘ईमानदार, पूर्वाग्रहरहित आत्मावलोकन’ की जरूरत है और खुद से कुछ कड़े सवाल पूछने की जरूरत है। कोई भी सभ्य समाज बेटियों और बहनों पर इस तरह के अत्याचारों की अनुमति नहीं दे सकता।”

द्रौपदी मुर्मू ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में महिला डॉक्टर से रेप व हत्या के मामले में हो रहे विरोध प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए कहा कि जब छात्र, डॉक्टर और नागरिक कोलकाता में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, उस समय भी अपराधी अन्यत्र शिकार की तलाश में घात लगाए हुए हैं।

विकृति से व्यापक तरीके से निबटना होगा

राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा, ‘निंदनीय मानसिकता महिलाओं को कमतर इंसान, कम शक्तिशाली, कम सक्षम, कम बुद्धिमान के रूप में देखती है। निर्भया केस के बाद से 12 वर्षों में, समाज द्वारा अनगिनत बलात्कारों को भुला दिया गया है। यह भूलने की बीमारी घृणित है। इतिहास का सामना करने से डरने वाले समाज सामूहिक भूलने की बीमारी का सहारा लेते हैं। अब समय आ गया है कि भारत इतिहास का सामना करे। हमें इस विकृति से व्यापक तरीके से निबटना चाहिए ताकि इसे शुरू में ही रोका जा सके।’

सीएम ममता बनर्जी घटना में त्वरित न्याय की मांग उठाई

इस बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तृणमूल छात्र परिषद (टीएमसीपी) के स्थापना दिवस पर एक्स पर पोस्ट के माध्यम से पीड़िता चिकित्सक को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विशेष दिन को वह उस बहन को समर्पित कर रही हैं, जिसे कुछ दिन पहले अस्पताल में निर्मम तरीके से शारीरिक उत्पीड़न कर मौत के घाट उतार दिया गया था। मुख्यमंत्री ने न्याय की त्वरित मांग की।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments