1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. नई सरकार के गठन की तैयारी : अमित शाह बंगाल में केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त
नई सरकार के गठन की तैयारी : अमित शाह बंगाल में केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त

नई सरकार के गठन की तैयारी : अमित शाह बंगाल में केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त

0
Social Share

नई दिल्ली, 5 मई। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिली प्रचंड जीत के बाद अब नई सरकार के गठन की तैयारी तेज हो गई है। इसी क्रम में पार्टी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को पश्चिम बंगाल में केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से मंगलवार क जारी प्रेस विज्ञप्ति के जरिए यह जानकारी दी गई। विज्ञप्ति के अनुसार भाजपा संसदीय बोर्ड ने पश्चिम बंगाल में पार्टी विधायक दल के नेता के चुनाव हेतु केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। शाह और माझी मिलकर राज्य में विधायक दल की बैठक और नेतृत्व चयन की प्रक्रिया को पूरा कराएंगे।

पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम पर एक नजर

गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए भाजपा पहली बार सरकार बनाने जा रही है। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार बंगाल में भाजपा को 293 में से 207 सीटें मिली हैं जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पार्टी को 80 सीटों पर जीत मिली है। वहीं कांग्रेस को दो, व सीपीआई (एम) को एक सीट मिली है। अभी फाल्टा विधानसभा सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान होना है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को असम का जिम्मा

भाजपा ने इसके साथ ही असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

असम चुनाव परिणाम पर एक नजर

असम में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जीत की हैट्रिक लगाई है। एनडीए ने 126 विधानसभा सीटों में 102 सीटों पर जीत दर्ज की। इनमें भाजपा ने 82 सीटों पर जीत दर्ज कर पहली बार अपने दम बहुमत हासिल किया है। एनडीए में भाजपा के सहयोगी दलों में बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) को 10-10 सीटों पर जीत मिली है। दूसरी ओर कांग्रेस को 19 सीटों पर जीत मिली है।

मनसुख मांडविया पुडुचेरी के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त

उधर केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में भाजपा विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए भाजपा संसदीय बोर्ड ने केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं पुडुचेरी के लिए भाजपा प्रभारी श्री निर्मल कुमार सुराणा को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।

पुडुचेरी चुनाव परिणाम पर एक नजर

पुडुचेरी में अखिल भारतीय एनआर कांग्रेस (AINRC) के नेतृत्व में एनडीए लगातार दसरी बार सरकार बनाने के लिए तैयार है। 30 सीटों वाले राज्य में एआईएनआरसी को जहां 12 सीटों पर जीत मिली वहीं उसके सहयोगी भाजपा चार सीटों पर विजयी रही। यहां डीएमके ने पांच व टीवीके ने दो सीटें जीती हैं। कांग्रेस को सिर्फ एक सीट मिल सकी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code