पटना, 13 जुलाई। चुनावी रणनीतिकार रहे जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर और उनके परिवार की पूरी संपत्ति की जानकारी पहली बार सार्वजनिक रूप से सामने आई है। पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से उपचुनाव लड़ रहे पीके ने नामांकन के दौरान दायर चुनावी एफिडेविट में खुद अपनी छोटी से बड़ी संपत्ति के बारे में खुलासा किया है।
प्रशांत किशोर और उनकी डॉक्टर पत्नी जाह्वनी दास संयुक्त रूप से 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की प्रॉपर्टी के मालिक हैं। अकेले पीके ने ही बीते 5 वर्षों में 10 करोड़ रुपये इनकम टैक्स और जीएसटी भर दिया। दोनों पति, पत्नी के नाम पर दिल्ली से पटना और गुवाहाटी तक जमीन, फ्लैट और बंगले हैं।
चुनावी हलफनामे के अनुसार प्रशांत किशोर की संपत्ति का ब्योरा
चुनावी हलफनामे के अनुसार पीके के पास कुल नकदी हाथ में 65,570 रुपये है। बैंक में 7 करोड़ से ज्यादा की एफडी और बैलेंस जमा है। वह शेयर बाजार में भी निवेश करते हैं। प्रशांत किशोर ने भारती एयरटेल और इंडियन ओवरसीज बैंक के शेयर खरीद रखे हैं, जिनका कुल बाजार मूल्य 63.44 लाख रुपये के करीब है। इसके अलावा, उन्होंने एलआईसी और अन्य इंश्योरेंस पॉलिसी में निवेश कर रखा है। इनकी कुल वैल्यू 10 करोड़ रुपये के आसपास है।
पीके ने वेदास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड नाम की एक कम्पनी में भी निवेश कर रखा है। इस कम्पनी को उन्होंने 8.31 करोड़ रुपये कर्ज के तौर पर दे रखे हैं। उनकी दिलचस्पी सोना-चांदी में कम है। उनके पास सिर्फ एक 0.6 ग्राम की सोने की अंगूठी है, चांदी का कोई गहना नहीं है। पीके की कुल चल संपत्ति 22.19 करोड़ और अचल संपत्ति 73.87 करोड़ रुपये है।
दिल्ली से पटना तक खरीद रखी हैं जमीनें
पीके ने 2014 में रोहतास जिले के शिवसागर स्थित कोनार गांव में पुरानी राइस मिल की जमीन 25 लाख रुपये में खरीदी थी। इसका वर्तमान बाजार मूल्य 9.75 करोड़ रुपये है। पटना के फुलवारीशरीफ स्थित न्यू पाटलिपुत्र कॉलोनी में आवासीय जमीन है, जिसका वर्तमान मूल्य 16 करोड़ रुपये है। दिल्ली के वसंत विहार में एक बंगला है, जिसका वर्तमान मूल्य 22.50 करोड़ रुपये है।
एचडीएफसी बैंक से पांच करोड़ का लोन भी ले रखा है
इसके अलावा, गाजियाबाद के इंदिरापुरम में दो और वसुंधरा में एक फ्लैट है। बक्सर में दिवंगत मां के नाम की जमीन है। रोहतास जिले के पैतृक गांव कोनार में पुश्तैनी जमीन में भी उनका हिस्सा है। उन्होंने एचडीएफसी बैंक से पांच करोड़ का लोन भी ले रखा है।

पत्नी के कर्जदार हैं प्रशांत किशोर!
प्रशांत किशोर के चुनावी हलफनामा में गौर करने वाली बात यह है कि उन्होंने अपनी पत्नी से ही कर्ज ले रखा है। डॉक्टर जाह्नवी दास ने अपने पति को 41.88 लाख रुपये का कर्ज दे रखा है। इसका जिक्र हलफनामे में जाह्नवी के कॉलम में दर्ज है। हालांकि, पीके की देनदारियों में इसका जिक्र नहीं किया गया है।
पीके की पत्नी के पास कितनी प्रॉपर्टी?
प्रशांत किशोर की पत्नी जाह्नवी दास एक एमबीबीएस डॉक्टर हैं। उनके पास 89 करोड़ रुपये की चल और 12 करोड़ से ज्यादा की अचल संपत्ति है। उनके पास 475 ग्राम सोना और 200 ग्राम चांदी के जेवरात हैं। उन्होंने वेदास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड कम्पनी में 95 करोड़ रुपये का निवेश कर रखा है। साथ ही, असम के गुवाहाटी में घर और फ्लैट भी उनके नाम पर है।
200 करोड़ के मालिक हैं पीके और जाह्नवी
प्रशांत किशोर और उनकी पत्नी डॉक्टर जाह्नवी दास कुल मिलाकर लगभग 200 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक हैं। इनका एक 16 वर्ष का बेटा है, जिसका नाम दैबिक भारद्वाज है। माता-पिता ने उसके नाम पर भी बैंक में सात लाख रुपये की एफडी करा रखी है।
प्रशांत किशोर ने भरा 10 करोड़ का इनकम टैक्स और जीएसटी
पीके ने बीते पांच वर्षों में कमाई करते हुए भरपूर टैक्स भी भरा। बीते पांच वर्षों में उन्होंने कुल 4.45 करोड़ रुपये का आयकर भरा था। इसके अलावा 2021 से 2025 तक 5.58 करोड़ रुपये का जीएसटी भी भर चुके हैं। प्रशांत किशोर की पत्नी भी हर वर्ष आठ से नौ लाख रुपये इनकम टैक्स सरकार को चुकाती हैं।

