1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. बिहार में फिर गरमाई सियासत : अब उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठी नजर आईं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी
बिहार में फिर गरमाई सियासत : अब उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठी नजर आईं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी

बिहार में फिर गरमाई सियासत : अब उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठी नजर आईं पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी

0
Social Share

पटना, 26 अगस्त। बिहार में महागठबंधन की सरकार बनने के बाद अजब-गजब वाकये सामने आ रहे हैं। बीते दिनों वन मंत्री तेज प्रताप यादव की एक बैठक में उनके जीजा जी नजर आए थे तो अब विधान परिषद में उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के चेंबर की एक तस्वीर सामने आने के बाद सियासत शुरू हो गई है। इस तस्वीर में तेजस्वी यादव की मां और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठी नजर आ रही हैं।

भाजपा बोली – डिप्टी सीएम की कुर्सी पर किसी और का बैठना लोकतंत्र की हत्या के समान

इस प्रकरण पर भाजपा ने कहा है कि उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पर किसी और का बैठना लोकतंत्र की हत्या के समान है। बिहार विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी ने ट्वीट कर कहा है कि राजद लोकतंत्र का माखौल उड़ा रहा है। उन्होंने राजद नेताओं से संबंधित एक फोटो भी पोस्ट की है।

राजद लोकतंत्र का माखौल उड़ा रहा : सम्राट चौधरी

सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पर राबड़ी देवी का बैठना अत्यंत ही दुर्भाग्यपूर्ण है और यह सीधे तौर पर लोकतंत्र की हत्या की कोशिश है। उन्होंने कहा कि बिहार में राजतंत्र नहीं बल्कि लोकतंत्र है, अगर राजतंत्र होता तो उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पर तेजस्वी की जगह तेजप्रताप बैठे होते। लेकिन यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है कि विधान परिषद में उप मुख्यमंत्री की कुर्सी पर राजद की राजमाता राबड़ी देवी बैठें, लोकतंत्र की हत्या करने वाला इससे बड़ा कोई मामला नहीं हो सकता।

चौधरी ने कहा कि बिहार में जो नया ठगबंधन बना है, वह पूरी तरह से अनैतिक है। इस नई सरकार में लगातार इसी तरह से नजारे सामने आते रहेंगे। उन्होंने कहा कि नई सरकार में बिहार का लोकतंत्र बचा रहे, यही बहुत बड़ी बात है।

‘तेजस्वी यादव अपनी हद में रहें, बिहार की जनता लोकतंत्र को जानती है

भाजपा नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव द्वारा गुरुवार को पत्रकारों को धमकाने की कोशिश की गई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि तेजस्वी यादव अपनी हद में रहें, यह बिहार की जनता है और वह लोकतंत्र को जानती है। जनता ने आपके माता-पिता को घर बैठाने का काम किया था और 2020 के चुनाव में आपको भी घर बैठा दिया था, इसे भूलिए नहीं। 2024 के चुनाव में आपका सारा दम निकाल देंगे।

‘नीतीश कुमार सिद्धांत विहीन व्यक्ति, उनका कोई करेक्टर नहीं

सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि वह सिद्धांत विहीन व्यक्ति हैं, उनका कोई करेक्टर नहीं है। वह बार-बार कहते हैं कि उन्हें जबर्दस्ती मुख्यमंत्री बनाया गया, अगर मुख्यमंत्री नहीं बनना था तो उन्हे इस बात को सार्वजनिक तौर पर सबके सामने कहना चाहिए था।

चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार सिर्फ जनता को बरगलाने के लिए बोलते हैं कि उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनना था। अब भी कुछ नहीं बिगड़ा है, मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़कर किसी और को क्यों नहीं बैठा देते हैं?

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code