1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. PMO के बाहर राहुल गांधी की अगुआई में प्रदर्शन कर रहे नेता हिरासत में, प्रियंका गांधी व अखिलेश यादव भी शामिल
PMO के बाहर राहुल गांधी की अगुआई में प्रदर्शन कर रहे नेता हिरासत में, प्रियंका गांधी व अखिलेश यादव भी शामिल

PMO के बाहर राहुल गांधी की अगुआई में प्रदर्शन कर रहे नेता हिरासत में, प्रियंका गांधी व अखिलेश यादव भी शामिल

0
Social Share

नई दिल्ली, 21 जुलाई। संसद का मानसून सत्र शुरू होने के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में राजनीतिक माहौल लगातार दूसरे दिन गरम रहा। इस क्रम में मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास (PMO) के बाहर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की अगुआई में धरना-प्रदर्शन कर रहे नेताओं को दिल्ली पुलिस ने दोपहर बाद हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए अन्य नेताओं में प्रियंका गांधी भी शामिल थीं।

राहुल गांधी से पहले यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में लिया। अखिलेश यादव भी अपने सांसदों के साथ राहुल गांधी को समर्थन देने पहुंचे थे। हिरासत में लिए जाते वक्त राहुल की नाक से खून रिसते भी देखा गया।

प्रियंका गांधी को बड़ी मुश्किल से हिरासत में लिया गया

दिल्ली पुलिस ने पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की सिक्योरिटी को हिरासत में लिया। इसके बाद राहुल और प्रियंका को डिटेन किया गया। प्रियंका गांधी लगातार बस के गेट पर खड़ी रहीं। महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें बस के अंदर करने की कोशिश की, लेकिन वो नहीं मानी फिर तीन-चार महिला पुलिसकर्मियों ने उन्हें पकड़ा और गेट पर खड़े खड़े ही उन्हें डिटेन करके ले जाता गया।

केंद्र सरकार पर भड़कीं प्रियंका गांधी, बोलीं – वे डरपोक हैं

दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। प्रियंका ने कहा, ‘वे डरपोक हैं। वे डरे हुए हैं। हम उनसे नहीं डरते। वे हमसे डरते हैं।’

यह राहुल गांधी के नेतृत्व में एक नई क्रांति की शुरुआत – सुरजेवाला

पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि यह अंत नहीं है। यह राहुल गांधी के नेतृत्व में एक नई क्रांति की शुरुआत है। वे हमें जेल में डाल सकते हैं, हम पर लाठीचार्ज कर सकते हैं या हमारे साथ बुरा बर्ताव कर सकते हैं, लेकिन मोदी जी को भारत के उन लाखों बेटे-बेटियों को जवाब देना होगा, जिन्होंने पेपर लीक के कारण अपना भविष्य खो दिया है और अपने परिवारों की उम्मीदों को खत्म होते देखा है।’

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह धरनास्थल पर राहुल गांधी से मिलने पहुंचे

दरअसल, दोपहर में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राहुल गांधी पीएम आवास की ओर कूच कर गए। उनके साथ कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी थे। कांग्रेस नेताओं ने पीएम आवास के बाहर जाकर प्रदर्शन किया। उनके प्रदर्शन को देखते हुए केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह धरनास्थल पर राहुल गांधी से मिलने पहुंचे।

‘भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए पीएम और गृह मंत्री इस्तीफा दें’

धरना प्रदर्शन के दौरान ही राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में कहा, ‘कल युवा छात्रों के साथ हुई बर्बरता के बारे में जवाब मांगने के लिए हम प्रधानमंत्री मोदी के घर तक मार्च कर रहे हैं। सरकार न तो कोई जिम्मेदारी लेना चाहती है और न ही इस पर संसद में बहस करना चाहती है। भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए।’

राहुल गांधी के साथ प्रदर्शन करने वालों में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा और अन्य कई नेता मौजूद थे। प्रियंका गांधी ने कहा, ‘हम सदन में चर्चा करना चाहते हैं, लेकिन विपक्ष को बात नहीं करने दिया जाता। ये सदन उन्हीं युवाओं का है, जिन पर सरकार लाठी चला रही है, आंसू गैस के गोले छोड़ रही है। बच्चों की बात सुनी जाए और शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लिया जाए।’

पंजाब के पूर्व सीएम चन्नी बोले – यह भाजपा का आतंकवाद

पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री व पंजाब कांग्रेस कैंपेन कमेटी के चेयरमैन चरणजीत सिंह चन्नी ने हिरासत में लिए जाने पर कहा, ‘यह भाजपा का आतंकवाद है। वे छात्रों की बात नहीं सुनते।’ वहीं कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने कहा, ‘किसी को भी बोलने की इजाजत नहीं है। असल में, किसी भी सांसद को संसद में बोलने की इजाजत नहीं दी जाती है। प्रधानमंत्री संसद तक नहीं आते। इसीलिए विपक्ष के सभी सांसद उनके आवास पर आए हैं, ताकि हमारी आवाज सुनी जा सके।’

कांग्रेस ने अपनी लीगल टीम को दिया निर्देश

इस बीच कांग्रेस ने अपनी लीगल टीम को निर्देश दिया है कि वे चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के दौरान गिरफ्तार, हिरासत में लिए गए और हमले का शिकार हुए युवाओं को हर संभव मदद दें। संपर्क करने की जानकारी नीचे दी गई है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code