1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन : महिला आरक्षण का विरोध कर विपक्ष ने जो पाप किया, उसकी सजा जरूर मिलेगी
पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन : महिला आरक्षण का विरोध कर विपक्ष ने जो पाप किया, उसकी सजा जरूर मिलेगी

पीएम मोदी का राष्ट्र के नाम संबोधन : महिला आरक्षण का विरोध कर विपक्ष ने जो पाप किया, उसकी सजा जरूर मिलेगी

0
Social Share

नई दिल्ली, 19 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निचले सदन में महिला आरक्षण बिल से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक गिरने के एक दिन बाद शनिवार की रात राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में कांग्रेस सहित समचे विपक्ष पर जमकर प्रहार किया और कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करके जो पाप विपक्ष ने किया है, उसकी सजा उन्हें जरूर मिलेगी। इन दलों ने संविधान निर्माताओं की भावनाओं का भी अपमान किया है। जनता द्वारा इसकी सजा से भी वो बच नहीं पाएंगे।

‘…और मैं इसके लिए सभी माताओं व बहनों से क्षमा प्रार्थी हूं’

पीएम मोदी ने लगभग 30 मिनट के अपने संबोधन में कहा, ‘आज भारत का हर नागरिक देख रहा है कि कैसे भारत की नारी शक्ति की उड़ान को रोक दिया गया। उनके सपनों को बेरहमी से कुचल दिया गया। हमारे भरसक प्रयास के बावजूद हम सफल नहीं हो पाए। नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन नहीं हो पाया। और मैं इसके लिए सभी माताओं व बहनों से क्षमा प्रार्थी हूं।’

‘नारी सब भूल जाती है, अपना अपमान कभी नहीं भूलती’

उन्होंने कहा, ‘नारी सब भूल जाती है, अपना अपमान कभी नहीं भूलती। देश की नारी जब भी अपने क्षेत्र में इन नेताओं को देखेगी, तब वो याद करेगी कि इन्हीं लोगों ने संसद में महिला आरक्षण को रोकने का जश्न मनाया था।’

कांग्रेस को ‘बांटो और राज करो’ की राजनीति अंग्रेजों से विरासत में मिली है

प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस को विशेष रूप से निशाने पर लेते हुए कहा, “कांग्रेस और उसके सहयोगी दल परिसीमन पर लगातार झूठ बोल रहे हैं। ये लोग विभाजन की आग को सुलगाना चाहते हैं क्योंकि कांग्रेस ‘बांटो और राज करो’ की राजनीति अंग्रेजों से विरासत में सीखकर आई है और कांग्रेस आज भी उसी के सहारे चल रही है।”

विपक्ष ने सदन में पूरे देश के सामने भ्रूण हत्या कर दी

उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन संशोधन समय की मांग है। नारी शक्ति वंदन संशोधन सभी राज्यों की शक्ति में समान वृद्धि का प्रयास था। ये संसद में सभी राज्यों की आवाज को अधिक शक्ति देने का प्रयास था। सब राज्यों की समान अनुपात में शक्ति बढ़ाने की कोशिश थी। लेकिन इस प्रयास की कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने सदन में पूरे देश के सामने भ्रूण हत्या कर दी है। कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी, डीएमके जैसे दल इस भ्रूण हत्या के जिम्मेदार हैं।

नारी शक्ति वंदन संशोधन से किसी का कुछ छीनना नहीं था

पीएम मोदी ने कहा कि महिलाओं के आरक्षण का विरोध करके कांग्रेस ने फिर एक बात सिद्ध कर दी है कि कांग्रेस एंटी रिफॉर्म पार्टी है। नारी शक्ति वंदन संशोधन किसी से कुछ छीनने का नहीं था, नारी शक्ति वंदन संशोधन हर किसी को कुछ न कुछ देने का था। ये 40 साल से लटके हुए नारी के हक को 2029 के लोकसभा चुनाव से उसका हक देने का संशोधन था।

हमारे लिए देशहित सर्वोपरि

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमारे लिए देशहित सर्वोपरि है। लेकिन जब कुछ लोगों के लिए दलहित सबकुछ हो जाता है। दलहित देशहित से बड़ा हो जाता है तो नारी शक्ति को देशहित को इसका खामियाजा उठाना पड़ता है। इस बार भी यही हुआ। कांग्रेस, DMK, TMC और समाजवादी जैसी पार्टियों की स्वार्थी राजनीति का नुकसान देश की नारी शक्ति को उठाना पड़ा है।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code