Homeहिन्दीराष्ट्रीयनीति आयोग देश की नीति-निर्माण व्यवस्था का एक अहम स्तंभ बनकर उभरा...

नीति आयोग देश की नीति-निर्माण व्यवस्था का एक अहम स्तंभ बनकर उभरा : पीएम मोदी

नई दिल्ली, 25 अप्रैल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि नीति आयोग देश की नीति-निर्माण व्यवस्था का एक अहम स्तंभ बनकर उभरा है। यह सहकारी संघवाद को बढ़ावा देने, सुधारों को आगे बढ़ाने और ‘ईज ऑफ लिविंग यानी जीवन की सुगमता’ को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

पीएम मोदी ने डॉ. अशोक कुमार लाहिड़ी को नीति आयोग का उपाध्यक्ष बनाए जाने और अन्य पूर्णकालिक सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह संस्था अलग-अलग क्षेत्रों में नवाचार और लंबे समय की रणनीति बनाने के लिए एक गतिशील मंच के रूप में काम कर रही है।

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘सरकार ने नीति आयोग का पुनर्गठन किया है। अशोक कुमार लाहिड़ी को उपाध्यक्ष बनने पर मेरी शुभकामनाएं। साथ ही राजीव गौबा, प्रो. के. वी. राजू, प्रो. गोबर्धन दास, प्रो. अभय करंदीकर और डॉ. एम. श्रीनिवास को भी पूर्णकालिक सदस्य बनने पर बधाई।’ पीएम मोदी ने सभी को उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे प्रभावी और परिणाम देने वाला कार्यकाल पूरा करें।

पीएम मोदी ने लाहिड़ी से मुलाकात भी की और उन्हें उपाध्यक्ष बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि अर्थशास्त्र और सार्वजनिक नीति में लाहिड़ी का अनुभव भारत में सुधारों को और मजबूत करेगा और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की दिशा में मदद करेगा। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि उनके प्रयास देश की नीति-निर्माण प्रक्रिया को और अधिक गतिशील बनाएंगे।

उल्लेखनीय है कि डॉ. अशोक कुमार लाहिड़ी एक अनुभवी नीति निर्माता हैं और इससे पहले वह भारत के 12वें मुख्य आर्थिक सलाहकार के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। वे 15वें वित्त आयोग के सदस्य भी रह चुके हैं और विश्व बैंक तथा अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष जैसे अंतरराष्ट्रीय संस्थानों में वरिष्ठ पदों पर रहे हैं। वे दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स, एशियाई विकास बैंक और राष्ट्रीय लोक वित्त और नीति संस्थान सहित कई प्रमुख शैक्षणिक और नीतिगत संस्थानों से भी जुड़े रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments