ऑस्ट्रेलिया में पीएम मोदी का भव्य स्वागत, मेलबर्न में मिला गार्ड ऑफ ऑनर; एंथनी अल्बनीज और स्कॉट मॉरिसन से की मुलाकात
मेलबर्न, 9 जुलाई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न में औपचारिक स्वागत किया गया। गवर्नमेंट हाउस विक्टोरिया में आयोजित समारोह में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। समारोह के दौरान भारतीय राष्ट्रगान की धुन भी गूंजी और दोनों देशों के रिश्तों की मजबूती का संदेश दिया गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस दौरान ऑस्ट्रेलिया के पूर्व प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन से भी मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि स्कॉट मॉरिसन से मिलना हमेशा सुखद रहता है और दोनों के बीच भारत-ऑस्ट्रेलिया मित्रता को और मजबूत बनाने पर सार्थक चर्चा हुई। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम में हिस्सा लिया। दोनों नेताओं ने बिजनेस लीडर्स से मुलाकात की और उन्हें संबोधित करते हुए व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को नई गति देने पर जोर दिया।
वर्ष 2012 से सक्रिय भारत-ऑस्ट्रेलिया सीईओ फोरम दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के उद्देश्य से कार्य कर रहा है। वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री मोदी और एंथनी अल्बनीज ने इसे दोबारा सक्रिय किया था। यह मंच व्यापार, निवेश और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए दोनों सरकारों को सुझाव देता है। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और प्रधानमंत्री अल्बनीज तीसरे वार्षिक भारत-ऑस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता भी करेंगे। इस बैठक में व्यापक रणनीतिक साझेदारी, रक्षा सहयोग, आर्थिक संबंधों, तकनीक, शिक्षा और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया के गवर्नर-जनरल सैम मोस्टिन से भी मुलाकात करेंगे और मेलबर्न में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। इससे पहले बुधवार शाम मेलबर्न पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों ने प्रधानमंत्री मोदी का जोरदार स्वागत किया। ठंडे मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग होटल के बाहर एकत्र हुए। ‘भारत माता की जय’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों के बीच प्रधानमंत्री ने लोगों का अभिवादन किया। स्थानीय कलाकारों ने भारतीय संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां देकर स्वागत समारोह को यादगार बना दिया।
