पीएम मोदी की ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियन से मुलाकात, पश्चिम एशिया संकट समेत कई मुद्दों पर हुई चर्चा

बिश्केक, 31 अगस्त। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने भारत और ईरान के बीच द्विपक्षीय संबंधों की मौजूदा स्थिति की समीक्षा की और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया। ईरान की अर्द्ध सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी के मुताबिक, बैठक में दोनों पक्षों ने आपसी रिश्तों को मजबूत करने के साथ-साथ दोनों देशों के लिए महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच भारत और ईरान के शीर्ष नेतृत्व के बीच लगातार संवाद बना हुआ है।

पश्चिम एशिया संकट पर लगातार संपर्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन इससे पहले जून में फोन पर बातचीत कर चुके हैं। उस दौरान पेजेश्कियन ने प्रधानमंत्री मोदी को पश्चिम एशिया में तेजी से बदल रहे घटनाक्रम और आगे की स्थिति से अवगत कराया था। प्रधानमंत्री मोदी ने संघर्ष खत्म करने के लिए बनी सहमति का स्वागत करते हुए क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता के लिए लगातार प्रयास किए जाने की जरूरत पर जोर दिया था। दोनों नेताओं के बीच इससे पहले 21 मार्च को भी बातचीत हुई थी। इस दौरान पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति समेत क्षेत्रीय घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की गई थी।

एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों किर्गिस्तान की आधिकारिक यात्रा पर हैं। वह 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन और छठे वर्ल्ड नोमैड गेम्स के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेने के लिए बिश्केक पहुंचे हैं। इस दौरान पीएम मोदी कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कर रहे हैं।

अर्मेनिया के प्रधानमंत्री से भी हुई मुलाकात

ईरान के राष्ट्रपति से मुलाकात से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने बिश्केक में अपने अर्मेनियाई समकक्ष निकोल पाशिनियान से भी बैठक की। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति के अलावा भारत-अर्मेनिया संबंधों को और मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। भारत के विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि दोनों नेताओं ने रक्षा, अर्थव्यवस्था, फार्मा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संस्कृति और शिक्षा समेत कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया। दोनों पक्षों ने पश्चिम एशिया की स्थिति सहित क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी अपने विचार साझा किए। विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और अर्मेनिया के बीच संबंधों को और अधिक गहरा एवं व्यापक बनाने के लिए मिलकर काम करने की भारत की प्रतिबद्धता दोहराई।

महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पीएम मोदी ने अर्पित की श्रद्धांजलि

बिश्केक में अपने कार्यक्रमों की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी ने महात्मा गांधी के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित करके की। बिश्केक में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण वर्ष 2015 में प्रधानमंत्री मोदी की किर्गिस्तान यात्रा के दौरान किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा कि उन्होंने सुबह बिश्केक में महात्मा गांधी की प्रतिमा को नमन किया। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों का लोगों के मन पर हमेशा बेमिसाल प्रभाव रहेगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी ने बिश्केक में योग प्रेमियों, शिक्षाविदों, इंडियन टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन (ITEC) के पूर्व छात्रों और शोधकर्ताओं समेत विभिन्न समुदायों के लोगों से मुलाकात की। पीएम मोदी ने इस मुलाकात को बेहद खुशनुमा बताया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular