नेपाल बाढ़: मृतकों की संख्या 903 पहुंची, 4,247 लोग अब भी लापता

काठमांडू, 31 अगस्त। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद राहत और बचाव अभियान के बीच मृतकों की संख्या बढ़कर 903 हो गई है। विभिन्न जिलों में नदियों के किनारे और प्रभावित इलाकों से लगातार शव बरामद किए जा रहे हैं। नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (एनडीआरआरएमए) की ओर से सोमवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, अब तक 903 शव बरामद किए जा चुके हैं।

सबसे अधिक 272 शव दक्षिणी चितवन जिले में मिले हैं। बड़ी संख्या में शव मिलने के बाद प्रशासन के सामने उन्हें सुरक्षित रखने और अंतिम संस्कार की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती बन गया। स्थानीय अधिकारियों ने बरामद ज्यादातर शवों को देवघाट में दफना दिया। देवघाट काली गंडकी और त्रिशूली नदियों का संगम स्थल है। अधिकारियों ने बताया कि शवों को दफनाने का निर्णय क्षेत्र में संभावित बीमारियों के प्रसार को रोकने के लिए लिया गया।

जिला प्रशासन कार्यालय चितवन के अनुसार, शवों को दफनाने से पहले अधिकारियों ने उनके डीएनए नमूने सुरक्षित किए हैं। इससे भविष्य में अज्ञात शवों की पहचान करने में मदद मिल सकेगी।

एनडीआरआरएमए के मुताबिक, कई अज्ञात शव अब भी अलग-अलग जिलों के 21 अस्पतालों में रखे गए हैं। प्राधिकरण ने लोगों से अपील की है कि जिनके परिजन अब तक लापता हैं, वे सरकारी रिकॉर्ड की जांच कर उनकी पहचान की प्रक्रिया में सहयोग करें।

  • 4,247 लोग अब भी लापता

प्राधिकरण के आंकड़ों के अनुसार, आपदा के बाद अब भी 4,247 लोग लापता हैं। इनमें 592 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। इसके अलावा भोटेकोशी और त्रिशूली नदी क्षेत्रों में स्थित विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं में काम करने वाले 933 कर्मचारी भी अब तक संपर्क में नहीं आए हैं।

नेपाल के अधिकारियों की टीमें भारतीय और चीनी तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से जलविद्युत परियोजनाओं की सुरंगों में फंसे लोगों को निकालने के लिए लगातार खोज और बचाव अभियान चला रही हैं। नेपाल-चीन सीमा के आसपास के प्रभावित इलाकों में नेपाल सेना, नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल के कई जवानों और अन्य सरकारी कर्मचारियों से भी आपदा के बाद से संपर्क नहीं हो पाया है।

  • 10,451 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

इस भीषण आपदा में अब तक 267 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 156 लोगों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है। एनडीआरआरएमए के अनुसार, राहत और बचाव अभियानों के दौरान अब तक कुल 10,451 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है।

इनमें 252 विदेशी नागरिक और 3,344 नेपाली नागरिक शामिल हैं, जिन्हें नेपाल सेना ने हवाई बचाव अभियानों के जरिए सुरक्षित निकाला।

  • 20 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात

अधिकारियों के अनुसार, खोज, बचाव और राहत कार्यों में अब तक 20,819 सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। इनमें नेपाल सेना के 8,722 जवान, नेपाल पुलिस के 7,894 कर्मी और सशस्त्र पुलिस बल के 4,203 जवान शामिल हैं। प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री पहुंचाने, लापता लोगों की तलाश करने और मलबे तथा सुरंगों में फंसे लोगों को निकालने का अभियान लगातार जारी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular