देश के 32 हवाई अड्डों का संचालन फिर शुरू, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने दी जानकारी

नई दिल्ली, 12 मई। भारत व पाकिस्तान के बीच युद्धविराम के बाद देश के 32 हवाई अड्डों का संचालन फिर शुरू कर दिया गया है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने नया अपडेट देते हुए बताया कि ये सभी हवाई अड्डे तत्काल प्रभाव से नागरिक विमान संचालन के लिए उपलब्ध हैं।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने सोमवार को एक बयान में कहा, ‘यात्रीगण कृपया ध्यान दें;15 मई 2025 को सुबह 05.29 बजे तक 32 हवाई अड्डों पर नागरिक विमान संचालन के लिए अस्थायी बंदी की अधिसूचना जारी की गई थी। अब सूचित किया जाता है कि ये हवाई अड्डे तत्काल प्रभाव से नागरिक विमान संचालन के लिए उपलब्ध हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी उड़ान की स्थिति सीधे एयरलाइंस से जांचें और नियमित अपडेट के लिए एयरलाइंस की वेबसाइट पर नजर रखें।’

उल्लेखनीय है कि पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना गत सात मई को तड़के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत हवाई हमला करते हुए पाकिस्तान व पीओके में कुल नौ आतंकी अड्डों को ध्वस्त कर दिया था। इसके बाद पाकिस्तानी सेना ने सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार ड्रोन व मिसाइल हमले किए, जिसका भारतीय सेना ने समुचित जवाब दिया।

10 मई के उत्तरी और पश्चिमी भारत के एयरपोर्ट बंद किए गए थे

अफरा-तफरी के उसी माहौल में 10 मई को एएआई और संबंधित विमानन अधिकारियों ने नोटिस टू एयरमेन (नोटम) जारी कर उत्तरी और पश्चिमी भारत के 32 हवाई अड्डों को नागरिक उड़ान संचालन के लिए अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा की थी। ये आदेश 15 मई तक प्रभावी था।

जिन एयरपोर्ट को बंद करने का फैसला किया गया था, उनमें आदमपुर, अंबाला, अमृतसर, अवंतीपोरा, बठिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन, जैसलमेर, जम्मू, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा (गग्गल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू मनाली (भुंतर), लेह, लुधियाना, मुंद्रा, नालिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट (हीरासर), सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोइस और उत्तरलई शामिल हैं।

दिल्ली हवाई अड्डे पर अब सभी कार्य सामान्य रूप से चल रहे

इससे पहले, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने सोमवार को यात्रियों के लिए नई एडवाइजरी जारी की थी। इसमें कहा गया है कि दिल्ली हवाई अड्डे पर सभी कार्य सामान्य रूप से चल रहे हैं, लेकिन कुछ उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट ने एक बयान में कहा, ‘दिल्ली हवाई अड्डे पर सभी कार्य सामान्य रूप से चल रहे हैं। हालांकि, बदलती हवाई क्षेत्र की स्थिति और नागर विमानन सुरक्षा ब्यूरो द्वारा बढ़ाए गए सुरक्षा उपायों के कारण कुछ उड़ानों के समय में बदलाव हो सकता है और सुरक्षा जांच में अधिक समय लग सकता है।’

RELATED ARTICLES

Most Popular