हूती विद्रोहियों का सऊदी अरब पर बड़ा हमला : रियाद एयरपोर्ट और अरामको समेत कई ठिकानों को बनाया निशाना

नई दिल्ली, 24 अक्टूबर। यमन के हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर एक बार फिर बड़े हमले का दावा किया है। हूतियों की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, विद्रोहियों ने सऊदी अरब के पांच से ज्यादा अति-महत्वपूर्ण रणनीतिक और ऊर्जा ठिकानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाया है। हालांकि, इन हमलों को लेकर सऊदी अरब की ओर से देर रात  तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गया और न ही कोई बयान सामने आया।

हूती विद्रोहियों के दावों के अनुसार जिन प्रमुख ठिकानों पर हमले किए गए हैं, उनमें सऊदी अरब की राजधानी का मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा रियाद एयरपोर्ट भी शामिल है। यानबू स्थित सऊदी अरामको फैसिलिटी, राबिख ऑयल रिफाइनरी के अलावा दम्माम स्थित किंग फहद इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नजरां के एयरपोर्ट और खमीस मुशैत के एयरबेस पर हमले किए गए।

उल्लेखनीय है कि यानबू लाल सागर के तट पर स्थित एक महत्वपूर्ण औद्योगिक और ऊर्जा केंद्र है। वहीं, राबिग में सऊदी अरामको की रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल गतिविधियां हैं। इन क्षेत्रों में किसी भी बड़े हमले से ऊर्जा आपूर्ति और परिवहन व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका रहती है। हालांकि, मौजूदा दावों के बाद इन प्रतिष्ठानों को हुए नुकसान का विवरण अभी सामने नहीं आया है।

क्षेत्रीय सुरक्षा पर मंडराया संकट

दरअसल, हाल के दिनों में हूतियों ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों, सैन्य ठिकानों और तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने के कई दावे किए हैं। दूसरी ओर, सऊदी नेतृत्व वाला गठबंधन मिसाइलों और ड्रोन को रोकने की काररवाई की जानकारी देता रहा है।

यदि इन हमलों की पुष्टि होती है तो यह मिडिल ईस्ट में एक बार फिर से बड़े सैन्य संघर्ष और ऊर्जा सुरक्षा पर गंभीर संकट का संकेत हो सकता है। हूती विद्रोही लगातार सऊदी अरब के आर्थिक और सैन्य ठिकानों को निशाना बनाते रहे हैं, जिससे क्षेत्रीय स्थिरता प्रभावित होती है। फिलहाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस घटनाक्रम पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

एअर इंडिया ने 7 नवम्बर तक रद कीं उड़ानें

इस बीच भारतीय विमानन कम्पनी एअर इंडिया ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, ‘क्षेत्र में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, एअर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की रियाद और दम्माम आने-जाने वाली उड़ानें सात नवम्बर 2026 तक निलंबित रहेंगी जबकि जेद्दा आने-जाने वाली उड़ानें 31 अक्टूबर 2026 तक निलंबित रहेंगी।’

कम्पनी ने पोस्ट में कहा, ‘24 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी कन्फर्म टिकट वाले यात्री अपनी बुकिंग को सुविधानुसार दोबारा करा सकते हैं या टिकट रद करने पर पूरा रिफंड ले सकते हैं।’ यात्रियों की सुविधा के लिए एअर इंडिया ने दो नंबर-  +91 11 69329333 / +91 11 69329999 जारी किए हैं। इसके अलावा एअर इंडिया एक्सप्रेस ने भी +91 124 6935600 जारी किया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular