धनतेरस पर CM योगी की अपील, बोले- ओडीओपी उत्पाद खरीदें, कारीगरों के घर जलाएं खुशहाली का दीप

लखनऊ, 6 नवम्बर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने धनतेरस और धन्वंतरि जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों से खास अपील की है। उन्होंने लोगों से इस बार त्योहार की खरीदारी में स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों के उत्पादों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया है। सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन को अपनाते हुए इस धनतेरस पर उत्तर प्रदेश के ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) उत्पादों को उपहार के रूप में चुनें। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि धनतेरस समृद्धि, शुभता और मंगल का पर्व है। इस अवसर पर हमें अपने उत्सव की खुशियों में उन मेहनती कारीगरों और शिल्पकारों को भी शामिल करना चाहिए, जिनकी कला और मेहनत प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ा रही है।

भदोही के कालीन से मैनपुरी की तारकशी तक, यूपी के उत्पादों का किया जिक्र

सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश के पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों का जिक्र करते हुए कहा कि भदोही के विश्वप्रसिद्ध कालीन, प्रयागराज का मूंज शिल्प, मैनपुरी की तारकशी और चित्रकूट के काष्ठ खिलौने प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों के पीछे कारीगरों और दस्तकारों की वर्षों की मेहनत, हुनर और उद्यमशीलता है। ऐसे उत्पादों को खरीदकर हम न केवल अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाते हैं, बल्कि स्थानीय परिवारों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी योगदान देते हैं।

84 हजार करोड़ से 2 लाख करोड़ के पार पहुंचा यूपी का निर्यात

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के निर्यात में हुई बढ़ोतरी का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश का निर्यात वर्ष 2016-17 में 84 हजार करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 2 लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। उन्होंने इसे प्रदेश के शिल्पकारों और दस्तकारों की मेहनत, उद्यमशीलता और सामर्थ्य का प्रमाण बताया। सीएम योगी ने कहा कि लखनऊ और ग्रेटर नोएडा के आधुनिक एक्सपो मार्ट तथा भदोही का ‘कार्पेट बाजार’ प्रदेश के पारंपरिक शिल्पों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

‘आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के घर जलाएगी खुशहाली का दीप’

सीएम योगी ने अपनी पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के विजन को आत्मसात करते हुए इस धनतेरस ओडीओपी उत्पादों को उपहार के रूप में चुनें। आपकी एक खरीदारी किसी हुनरमंद परिवार के आंगन में स्वावलंबन और सम्मान का दीप प्रज्वलित कर सकती है। उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘लोकल वाली दिवाली’ मनाने और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही धन्वंतरि जयंती और धनतेरस की सभी को शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री का संदेश साफ है कि त्योहार की खुशियां केवल खरीदारी तक सीमित न रहें, बल्कि प्रदेश के स्थानीय कारीगरों, छोटे उद्यमियों और पारंपरिक शिल्पकारों तक भी पहुंचें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular