झारखंड में भीषण सड़क हादसा, बेकाबू ट्रेलर ने 7 लोगों को कुचला, 4 महिलाएं और 3 बच्चों की मौत

खूंटी, 6 नवंबर। झारखंड के खूंटी जिले में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कर्रा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार और अनियंत्रित 18 पहिया ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जिनमें चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। हादसे की सबसे दुखद बात यह है कि मृतकों में एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां मां, बेटी और नातिन भी शामिल हैं। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मदद के लिए पहुंचे थे लोग, अचानक काल बनकर आया ट्रेलर

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा गुरुवार रात करीब 9:45 बजे कर्रा-तोरपा मुख्य मार्ग पर पोड़ा से पहले जोने-लुदरू मोड़ स्थित कोशांबी कॉलोनी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि एक स्कूटी सवार अनियंत्रित होकर पुलिया के पास झाड़ियों में गिर गया था। उसकी आवाज सुनकर आसपास की कॉलोनी के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। कुछ पुरुष झाड़ियों में फंसे स्कूटी सवार को बाहर निकालने की कोशिश कर रहे थे, जबकि महिलाएं और बच्चे सड़क किनारे खड़े होकर पूरी घटना देख रहे थे। इसी दौरान तोरपा की तरफ से तेज रफ्तार में आ रहा 18 पहिया ट्रेलर अचानक बेकाबू हो गया। ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया और कई लोगों को कुचलता हुआ आगे बढ़ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

मौके पर छह लोगों की मौत, अस्पताल में बच्चे ने तोड़ा दम

इस भीषण दुर्घटना में छह लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 12 वर्षीय सौरभ नायक गंभीर रूप से घायल हो गया था। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर सात हो गई। मृतकों की पहचान पाको देवी, कसीला देवी, मानहू देवी, गोलू कुमार, अंजलि कुमारी, तूती कुमारी और 12 वर्षीय सौरभ नायक के रूप में हुई है। मृतकों में चार महिलाएं और तीन बच्चे शामिल बताए गए हैं।

चालक और खलासी वाहन छोड़कर फरार

हादसे के बाद ट्रेलर चालक और खलासी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। दुर्घटना में शामिल ट्रेलर का नंबर JH 02 AJ 1377 बताया गया है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि चालक शराब के नशे में था और वाहन काफी तेज रफ्तार से चला रहा था। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

दो घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज

हादसे में घायल खुशबू कुमारी को खूंटी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि दूसरे घायल का तोरपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में उपचार किया जा रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, फरार ट्रेलर चालक और खलासी की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular