1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. शीघ्र आने वाली है NFHS-6 की रिपोर्ट : देश की स्वास्थ्य स्थिति और सामाजिक संकेतकों की पेश होगी तस्वीर
शीघ्र आने वाली है NFHS-6 की रिपोर्ट : देश की स्वास्थ्य स्थिति और सामाजिक संकेतकों की पेश होगी तस्वीर

शीघ्र आने वाली है NFHS-6 की रिपोर्ट : देश की स्वास्थ्य स्थिति और सामाजिक संकेतकों की पेश होगी तस्वीर

0
Social Share

नई दिल्ली, 28 अप्रैल। देश में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़ा एक बड़ा डेटा सेट जल्द ही सामने आने वाला है। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-6, यानी NFHS-6 की रिपोर्ट शीघ्र जारी होने की उम्मीद है, जो देश की स्वास्थ्य स्थिति और सामाजिक संकेतकों की विस्तृत तस्वीर पेश करेगी। केंद्र सरकार द्वारा कराया गया नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे देश के सबसे व्यापक और विश्वसनीय सर्वेक्षणों में से एक माना जाता है।

NFHS-6 का आयोजन वर्ष 2023-24 के दौरान किया गया, जिसमें देश के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कुल 6 लाख 79 हजार 238 परिवारों को शामिल किया गया। यह सर्वेक्षण स्वास्थ्य, पोषण, परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, और सामाजिक-आर्थिक संकेतकों से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े जुटाने के उद्देश्य से किया जाता है। इसके माध्यम से नीति-निर्माताओं और कार्यक्रम प्रबंधकों को योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और भविष्य की रणनीति तय करने में मदद मिलती है।

पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया गया सर्वेक्षण

इस बार NFHS-6 की एक खास विशेषता यह है कि पूरे सर्वेक्षण में डेटा संग्रह पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया गया है। कंप्यूटर-असिस्टेड पर्सनल इंटरव्यूइंग (CAPI) सॉफ्टवेयर का इस्तेमाल किया गया, जिसमें रियल-टाइम एरर डिटेक्शन और डेटा वेरिफिकेशन की सुविधा मौजूद है। डेटा की सटीकता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए फील्ड स्तर पर कड़ी निगरानी, बहु-स्तरीय जांच और विस्तृत वैलिडेशन प्रक्रिया अपनाई गई है।

इससे पहले NFHS-5 का आयोजन 2019-21 के दौरान किया गया था, जिसने देश के स्वास्थ्य संकेतकों की अहम तस्वीर पेश की थी। अब NFHS-6 के आंकड़े सामने आने के बाद यह स्पष्ट होगा कि बीते वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं और सामाजिक संकेतकों में कितना सुधार हुआ है।

NFHS-6 की रिपोर्ट नीति निर्माण और स्वास्थ्य योजनाओं की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगी। रिपोर्ट जारी होने के बाद देश के स्वास्थ्य क्षेत्र की प्रगति का एक नया आकलन सामने आएगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code