काशी में बोले पीएम मोदी- ‘नारी शक्ति ही है नए भारत की असली ताकत, महिलाओं को आरक्षण का हक दिलाकर रहूंगा’
वाराणसी, 28 अप्रैल। पश्चिम बंगाल में तूफानी चुनाव प्रचार से निवृत्त होने के बाद मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर वाराणसी पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रस्तावित नारी शक्ति वंदन अधिनियम के जरिए एक बार फिर हुंकार भरी और कांग्रेस व सपा सहित विपक्षी दलों को जमकर कोसा।

पीएम मोदी ने बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर में आयोजित भव्य महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, ‘नारी शक्ति ही नए भारत की असली ताकत है और मैं महिलाओं को आरक्षण का हक दिलाकर रहूंगा। हमारी सरकार देश की नीति-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।’
उल्लेखनीय है कि बीते बजट सत्र में महिला आरक्षण बिल से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में गिरने के बाद से ही सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए के उसके घटक विपक्षी दलों पर लगातार निशाना साधने के साथ उन्हें महिला विरोधी करार दे रहे हैं। उसी कड़ी में पीएम मोदी ने आज काशी की धरती से भी लगभग 50 हजार महिलाओं के बीच आयोजित सम्मेलन में उनके अधिकारों की सुरक्षा की गारंटी दी।
‘हम काशी की माई-बहिन के प्रणाम करत हई’
बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर शहर के विभिन्न मार्गों पर ‘हर-हर महादेव’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों से स्वागत के बीच खुली जीप में सवार होकर बरेका ग्राउंड पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी ने ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के साथ अपने संबोधन की शुरुआत की। अपने भाषण की शुरुआत भोजपुरी अंदाज दिखाते हुए उन्होंने कहा, हम काशी की माई-बहिन के प्रणाम करत हई।’

‘बड़े लक्ष्य के लिए आपका आशीर्वाद लेने आया हूं’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘देश के पीएम के तौर पर काशी के सांसद के तौर पर देश के हित के लिए बड़े लक्ष्य के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए। ये लक्ष्य महिला आरक्षण को लागू करना। कुछ दिनों पहले सपा-कांग्रेस की वजह से हमारा प्रयास सफल नहीं हो पाया। मै आपको फिर से भरोसा देता हूं। आपका आरक्षण लागू हो, इसमें कोई कसर नहीं छोडूंगा। घर में महिला के सशक्त होने से पूरे परिवार को ताकत मिलती है। देश मजबूत होता है।’
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 28, 2026
पीएम मोदी ने कहा, ‘मैं जब 25 साल पहले गुजरात में सीएम बना था तो वहां ऐसी धारणाओं को तोड़ने का काम किया। वहां दो योजनाएं शुरू कीं। पहली स्कूल के लिए और दूसरी उनकी फीस की मदद के लिए। हमारी नीतियों में महिला कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। आपने सेवा का मौका दिया तो 12 करोड़ शैचालय बने।’

काशी को 6332 करोड़ की सौगात दी
इससे पहले पीएम मोदी ने काशी को 6332.08 करोड़ रुपये की लागत वाली 163 परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 1,054.69 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 50 परियोजनाओं का लोकार्पण और 5,277.39 करोड़ रुपये की 113 परियोजनाओं की आधारशिला शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने दो नई अमृत भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये ट्रेनें अयोध्या-मुंबई और बनारस-पुणे के बीच चलेंगी।

सीएम योगी बोले – विपक्ष के खिलाफ महिलाओं में आक्रोश
इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की संसद, देश की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिले। उसे रोकने के लिए सपा, कांग्रेस ने कुत्सित प्रयास किया है। आधी आबादी के अंदर आक्रोश झलकता दिखाई दे रहा है।

सीएम योगी ने कहा विपक्ष के नकारात्मक रवैये के खिलाफ हमें उनका आक्रोश दिख रहा है। आधी आबादी पूरी मजबूती के साथ पीएम के साथ खड़ी है। काशी ने लंबी दूरी तय की है। काशी में 35 हजार करोड़ की योजनाएं जमीन पर उतरी हैं। 20 हजार की योजनाएं चल रहीं हैं।
पीएम मोदी ने जो संकल्प लिया, उसे पूरा किया : भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन
दिलचस्प तो यह रहा कि नितिन नवीन भी भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार काशी आए। इस दौरान उन्होंने कहा, ‘मोदी सरकार ने लखपति दीदी ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का काम किया। हम गणतंत्र दिवस में देखते हैं कि कैसे हमारी बहनें सैन्य टुकड़ियों को लीड करती हैं। विपक्ष ने आपके रास्ते को रोकने का काम किया है। हालांकि, हमें पता है कि जब-जब पीएम मोदी ने संकल्प लिया, उसे पूरा किया है।’
.@BJP4India के माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @NitinNabin जी एवं @BJP4UP के माननीय प्रदेश अध्यक्ष श्री पंकज चौधरी जी के साथ आज शिवनगरी काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
भगवान भोलेनाथ सभी भक्तों व प्रदेश वासियों का कल्याण करें, यही प्रार्थना है।… pic.twitter.com/my50Bz60bT
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) April 28, 2026
सीएम योगी ने नितिन नवीन संग बाबा भोलेनाथ के दरबार में मत्था टेका
महिला सम्मेलन से पहले सीएम योगी ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी के साथ श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। बाबा दरबार में सभी ने हाजिरी लगाई और बाबा का अभिषेक किया।
