देश-विदेश के 5454 परीक्षा केंद्रों पर 20 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों के बीच NEET पुनर्परीक्षा संपन्न
नई दिल्ली, 21 जून। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के बैनर तले रविवार को राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 की पुनर्परीक्षा रविवार को कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच संपन्न हुई। देश-विदेश के 5,454 परीक्षा केंद्रों पर 20 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने नए सिरे से आयोजित परीक्षा में हिस्सेदारी की, जो पेपर लीक के चलते उभरे विवादों के बीच पिछले माह रद करनी पड़ी थी।
यह सिर्फ एक परीक्षा नहीं वरन ‘टीम भारत’ के सामूहिक प्रयास का उदाहरण – NTA
NTA ने पुनर्परीक्षा के निर्विघ्न समापन के बाद एक बयान में कहा कि यह केवल एक परीक्षा नहीं थी बल्कि ‘टीम भारत’ के सामूहिक प्रयास का उदाहरण थी, जिसमें केंद्र और राज्य सरकारों, सुरक्षा एजेंसियों, विभिन्न मंत्रालयों, शैक्षणिक संस्थानों और लाखों अधिकारियों ने मिलकर 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए निष्पक्ष और सुचारु परीक्षा सुनिश्चित की।
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर एक विस्तृत पोस्ट में बताया कि 21 जून को देशभर के 5,440 परीक्षा केंद्रों और विदेशों के 14 केंद्रों पर 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने नीट (यूजी) 2026 की पुनर्परीक्षा दी। परीक्षा का आयोजन हिन्दी और अंग्रेजी सहित 13 भाषाओं में किया गया।
Team NTA, Team Bharat: How India Came Together for NEET (UG) 2026
On 21 June 2026, more than 20 lakh candidates sat for the NEET (UG) 2026 re-examination across 5,440 centres in India and 14 centres abroad. The paper was administered in 13 languages, including Hindi and English.…
— National Testing Agency (@NTA_Exams) June 21, 2026
एनटीए ने कहा कि यह केवल एजेंसी का प्रयास नहीं था, बल्कि ‘टीम भारत’ की ऐसी श्रृंखला थी, जिसमें देशभर के हजारों लोगों ने अपनी जिम्मेदारी निभाई ताकि परीक्षा के दिन प्रत्येक अभ्यर्थी का पूरा ध्यान केवल प्रश्नपत्र पर केंद्रित रहे।
10,000 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं
एजेंसी के अनुसार 10,000 से अधिक दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। इसके अलावा करीब 81 ऐसे छात्रों के लिए भी अलग इंतजाम किए गए, जो गंभीर चिकित्सीय परिस्थितियों का सामना कर रहे थे। इनमें सड़क दुर्घटना में घायल एक छात्र और कीमोथेरेपी से गुजर रहा एक छात्र भी शामिल था। एनटीए ने कहा कि इन अभ्यर्थियों तक परीक्षा की सुविधा पहुंचाने के लिए विशेष स्तर की योजना और समन्वय की आवश्यकता पड़ी।

सीसीटीवी की गहन निगरानी में हुई परीक्षा
परीक्षा की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आधार आधारित बायोमेट्रिक एवं फेस ऑथेंटिकेशन, सीसीटीवी निगरानी, जैमर और राज्य पुलिस की मदद से दो-स्तरीय तलाशी व्यवस्था लागू की गई। सीसीटीवी निगरानी के लिए राष्ट्रीय स्तर पर एनटीए और शिक्षा मंत्रालय में कमांड एवं कंट्रोल सेंटर स्थापित किए गए। इसके अलावा उच्च शिक्षा विभाग के 34 केंद्रीय वित्तपोषित संस्थानों, सभी राज्यों और जिला कलेक्टर कार्यालयों में भी निगरानी व्यवस्था बनाई गई।
Honourable Union Education Minister Shri @dpradhanbjp reviews arrangements for the smooth conduct of the NEET UG re-examination at NTA Headquarters in Okhla.
NTA apprises the Minister of the logistical and technical arrangements put in place for the efficient and transparent… pic.twitter.com/xqKvqLbulT
— Ministry of Education (@EduMinOfIndia) June 21, 2026
परीक्षा के संचालन में इन संस्थानों का रहा सहयोग
एनटीए ने बताया कि परीक्षा संचालन में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), विदेश मंत्रालय, डाक विभाग, भारतीय वायुसेना, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी), इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (मेइटी), वित्तीय सेवा विभाग, रक्षा मंत्रालय और शिक्षा मंत्रालय सहित कई संस्थानों ने सहयोग दिया। इसके साथ ही एसबीआई, केनरा बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और यूको बैंक भी इस अभियान का हिस्सा रहे।
एजेंसी ने राज्य सरकारों की भूमिका की भी सराहना की
एजेंसी ने राज्य सरकारों की भूमिका की भी सराहना की। कई राज्यों ने परीक्षा केंद्रों पर छात्रों और अभिभावकों के लिए छाया, पेयजल और भोजन की व्यवस्था की। साथ ही एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधाओं को स्टैंडबाय रखा गया तथा कई राज्यों में परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों को निःशुल्क परिवहन सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
समस्त प्रक्रिया रिकॉर्ड 37 दिनों में पूरी की गई
एनटीए के अनुसार, इस विशाल परीक्षा आयोजन के लिए देशभर में लगभग सात लाख अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, पर्यवेक्षकों और परीक्षा कर्मियों को तैनात किया गया। समस्त प्रक्रिया रिकॉर्ड 37 दिनों में पूरी की गई। एजेंसी ने उन शिक्षाविदों और विशेषज्ञों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपने निजी समय का उपयोग कर प्रश्नपत्रों के कई सेट तैयार करने में सहयोग दिया।
पोस्ट के अंत में एनटीए ने कहा कि 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों के लिए आयोजित इस परीक्षा के पीछे देश की प्रशासनिक, पुलिस, जिला और स्थानीय व्यवस्थाओं का अभूतपूर्व समन्वय था। एजेंसी ने परीक्षा देने वाले सभी छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ‘निष्पक्ष अवसर, नई शुरुआत’ के संकल्प के साथ यह परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
