1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. भारत में कोरोना संकट : एक्टिव केस में 5 हजार से ज्यादा की गिरावट, हिमाचल व दिल्ली में नए मामले बढ़े
भारत में कोरोना संकट : एक्टिव केस में 5 हजार से ज्यादा की गिरावट, हिमाचल व दिल्ली में नए मामले बढ़े

भारत में कोरोना संकट : एक्टिव केस में 5 हजार से ज्यादा की गिरावट, हिमाचल व दिल्ली में नए मामले बढ़े

0
Social Share

नई दिल्ली, 8 अगस्त। कोरोना महामारी के खिलाफ संघर्ष के बीच लगातार दूसरे दिन राहत दिखी और शनिवार को राष्ट्रीय स्तर पर एक्टिव केस में पांच हजार से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। खास बात यह रही कि कई दिनों बाद केरल में इलाजरत मरीजों की संख्या थोड़ी कम हुई। हालांकि हिमाचल प्रदेश व और दिल्ली सहित नौ राज्यों में नए संक्रमितों के साथ एक्टिव केस में भी बढ़ोतरी देखी गई। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी दी।

केरल में नए संक्रमितों की संख्या 20 हजार से ज्यादा
मंत्रालय के अनुसार केरल में तनिक नरमी के बावजूद अब भी लगभग हर दिन 20 हजार से ज्यादा नए संक्रमित पाए जा रहे हैं। इस क्रम में एक दिन के अंतराल बाद शनिवार को फिर 20 हजार से ज्यादा 20,367 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई और 139 लोगों की मौत हुई। हालांकि 20,265 लोग स्वस्थ भी हुए। यही वजह रही कि कई दिनों बाद एक्टिव केस में 37 की मामूली गिरावट दर्ज की गई। फिर भी राज्य में 1.78 लाख से ज्यादा कुल 1,78,685 एक्टिव केस हैं।

उधर महाराष्ट्र में शनिवार तक केरल के मुकाबले आधे से कम यानी 74,482 इलाजरत मरीज थे, जहां दिनभर में 6,061 नए केस पाए गए और 128 लोगों की मौत हुई जबकि 9,356 लोग स्वस्थ हुए। ये ही दोनों राज्य हैं, जहां इस बीमारी के चलते लगभग प्रतिदिन 100 से ज्यादा लोगों की मौत हो रही है।

अन्य राज्यों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश में भी पिछले कुछ दिनों से संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। शनिवार को यहां एक्टिव केस में सबसे ज्यादा 222 की दैनिक वृद्धि रही। इसके साथ ही राज्य में कुल 1,949 एक्टिव मामले हो गए हैं। 24 घंटे के भीतर जिन नौ राज्यों में एक्टिव केस बढ़े, उनमें हिमाचल के बाद तमिलनाडु (101) और दिल्ली (49) दूसरे व तीसरे स्थान पर रहे।

रिकवरी दर बढ़कर 97.39%, एक्टिव रेट गिरकर 1.27%

राष्ट्रीय स्तर पर लगातार दूसरे दिन संक्रमण के 40 हजार से कम 39,070 नए मामले सामने आए और 491 लोगों की मौत हुई जबकि 43,910 लोग स्वस्थ घोषित किए गए। यही वजह रही कि रिकवरी रेट बढ़कर 97.39 फीसदी जा पहुंचा जबकि एक्टिव दर गिरकर 1.27 फीसदी हो गई है। एक्टिव केस में 5,331 की दैनिक गिरावट के साथ सात अगस्त तक देश में 4,06,822 इलाजरत कोरोना मरीज थे।

दिनभर में लगभग 56 लाख लोगों का टीकाकरण

इस बीच टीकाकरण अभियान के तहत शनिवार को 55,91,657 लोगों को वैक्सीन दी गई। 204 दिनों में अब तक 50.68 करोड़ से ज्यादा लोगों को टीके की पहली या दूसरी खुराक दी जा चुकी है। दूसरी तरफ आईसीएमआर के अनुसार 24 घंटे के भीतर 17.22 लाख लोगों के सैम्पल की जांच की गई। इसके साथ ही सात अगस्त तक देश में 47.97 करोड़ से ज्यादा लोगों की जांच की जा चुकी है।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी कोविड आंकड़ों पर एक नजर –
24 घंटे के दौरान नए संक्रमित : 39,070
24 घंटे के दौरान स्वस्थ मरीज : 43,910
24 घंटे के दौरान कुल मौतें : 491
अब तक कुल संक्रमित : 3,19,34,455
अब तक कुल स्वस्थ : 3,10,99,771
रिकवरी दर : 97.39%
अब तक कुल मौतें : 4,27,862
मृत्यु दर : 1.34%
इलाजरत मरीज : 4,06,822 (दैनिक गिरावट 5,331)
सक्रियता दर : 1.27%
24 घंटे के दौरान टीककरण : 55,91,657
204 दिनों में कुल टीकाकरण : 50,68,10,492
24 घंटे के दौरान सैम्पल की जांच : 17,22,221
अब तक कुल सैम्पल की जांच : 47,97,14,253.

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code