राष्ट्र ने वर्ष 2001 में संसद पर हुए हमले में प्राण न्यौछावर करने वाले बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली, 13 दिसम्बर। उप राष्‍ट्रपति व राज्‍यसभा के सभापति जगदीप धनखड, लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्‍य नेताओं ने 2001 में संसद आतंकी हमले के दौरान अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों को संसद भवन परिसर में मंगलवार को श्रद्धांजलि दी।

यूपीए अध्‍यक्ष सोनिया गांधी, राज्‍यसभा के नेता पीयूष गोयल, राज्‍यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी, संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी और अन्‍य मंत्री तथा लोकसभा और राज्‍यसभा के सदस्‍य श्रद्धांजलि देने वालों में शामिल थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2001 में संसद हमले के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। एक संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि देश उनकी सेवा, बहादुरी और बलिदान को कभी नहीं भुला सकता।

कानून और न्‍याय मंत्री किरेन रिजिजू ने संसद हमले में अपनी जान गंवाने वाले बहादुर कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक संदेश में रिजिजू ने कहा कि उनके महान बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

किरेन रिजिजू ने पूर्व रक्षामंत्री और गोवा के पूर्व मुख्‍यमंत्री दिवंगत मनोहर पर्रिकर की जयंती पर उन्‍हें भी याद किया। उन्‍होंने कहा कि दिवंगत नेता सादगी, ईमानदारी और देश के प्रति असाधारण प्रतिबद्धता वाले दूरदर्शी राजनेता थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular