शेयर बाजार की रौनक लौटी, बैंक व IT शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 74000 के पार, निफ्टी 238 अंक मजबूत

मुंबई, 29 अक्टूबर। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत ब्याज दरों में बदलाव नहीं करने, कच्चे तेल की कीमतों में मामूली नरमी और संस्थागत निवेशकों की लिवाली से घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को रौनक लौटी। इस क्रम में बैंक, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), रियल एस्टेट व दैनिक उपयोग का उपभोक्ता सामान बनाने वाली कम्पनियों के शेयरों में खरीदारी के बीच दोनों मानक सूचकांक अच्छी तेजी लेकर बंद हुए।

बीएसई सेंसेक्स 905 अंक चढ़ने के साथ जहां 74,000 के पार चला गया वहीं एनएसई निफ्टी 238 अंकों की मजबूती से 22,900 के पार रुका। मझोली और छोटी कम्पनियों के शेयरों में भी तेजी आई, जो बाजार में व्यापक स्तर पर मजबूती का संकेत है।

सेंसेक्स 905.01 अंकों की बढ़त से 74,151.04 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 905.01 अंक यानी 1.24 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74,151.04 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 24 के शेयर लाभ में रहे तो छह में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 1.05% की बढ़त लेकर 22,936.75 अंक पर बंद

उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 237.90 अंक यानी 1.05 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,936.75 अंक पर रहा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 40 के स्टॉक मजबूती लेकर रुके तो 10 में कमजोरी दिखी।

अदाणी पोर्ट्स के शेयर में सबसे ज्यादा 5% की बढ़त

सेंसेक्स समूह में कम्पनियों में अदाणी पोर्ट्स का शेयर सबसे ज्यादा पांच प्रतिशत की बढ़त पर रहा। कम्पनी का एकीकृत शुद्ध लाभ सितम्बर तिमाही में 18 प्रतिशत बढ़कर 3,682.44 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जिससे कम्पनी का शेयर लाभ में रहा।

इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक, पावर ग्रिड, इटर्नल, बजाज फाइनेंस, भारतीय स्टेट बैंक, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि. और इन्फोसिस के शेयर भी बढ़त में रहे। इसके विपरीत नुकसान में रहने वाले शेयरों में ट्रेंट, मारुति सुजुकी इंडिया, टेक महिंद्रा और एचडीएफसी बैंक शामिल हैं।

ब्रेंट क्रूड 1.18 प्रतिशत टूटकर 113.96 डॉलर प्रति बैरल पर

इस बीच वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 1.18 प्रतिशत टूटकर 113.96 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। दूसरी तरफ शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 871.83 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। घरेलू संस्थागत निवेशक भी शुद्ध खरीदार रहे और उन्होंने 643.35 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular