1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नड्डा बोले – 2023 में जीतने हैं 9 राज्यों के चुनाव, कार्यकर्ता 2024 पर फोकस करें
भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नड्डा बोले – 2023 में जीतने हैं 9 राज्यों के चुनाव, कार्यकर्ता 2024 पर फोकस करें

भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में नड्डा बोले – 2023 में जीतने हैं 9 राज्यों के चुनाव, कार्यकर्ता 2024 पर फोकस करें

0
Social Share

नई दिल्ली, 16 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि 2023 और 2024 भाजपा के लिए काफी अहम हैं। 2023 में नौ राज्यों में चुनाव हैं और इन सभी जगहों पर जीत हासिल करनी है, इससिए कार्यकर्ता 2024 पर अभी से लग जाएं। यह सुनिश्चित करने के लिए काम करें कि पार्टी 2023 में कोई भी राज्य विधानसभा चुनाव न हारे।

गौरतलब है कि कर्नाटक, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में 2023 विधानसभा चुनाव होने हैं। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों – नगालैंड, मिजोरम, त्रिपुरा और मेघालय में सबसे पहले विधानसभा चुनाव होंगे। नौ राज्यों के विधानसभा चुनावों के अलावा, केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव इसी वर्ष होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

भाजपा सांसद रवि शंकर प्रसाद ने मीडिया ब्रीफिंग में कहा, ‘नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में कहा कि 2023 हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है, हमें नौ प्रदेशों में चुनाव लड़ना है। उन्होंने कार्यकारिणी से आह्वान किया कि चुनाव के लिए कमर कस लें और सभी नौ राज्यों में जीत दर्ज करनी है।’

भाजपा ने 160 हारी सीटों पर फोकस करना शुरू किया

रवि शंकर प्रसाद ने कहा, ‘भाजपा ने 160 हारी सीटों पर फोकस करना शुरू किया है। देशभर के 100 लोकसभा क्षेत्रों में 72 हजार बूथ चिह्नित किए गए थे, जहां भाजपा कमजोर थी और जहां हमें पहुंचना था, लेकिन हम 1 लाख 30 हजार बूथों तक पहुंचे और पार्टी की नीतियों का प्रसार किया।’

महर्षि दयानंद सरस्वती की जन्म जयंती पर होगा विशाल कार्यक्रम का आयोजन

उन्होंने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती जी के जन्म 200 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर 13 फरवरी को एक विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने कहा, “दयानंद सरस्वती जी के आदर्शों पर चलते हुए प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में देश में अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति को सशक्त करने का कार्य किया गया है। गुलामी के दुर्भायपूर्ण अतीत को समाप्त करते हुए 75 साल तक चले ‘राजपथ’ को बदल कर हमने ‘कर्तव्य पथ’ किया, अपनी परंपराओं पर गर्व करते हुए हुए काशी कॉरिडोर बना, महाकाल लोक बना, केदारनाथ का वैभव पुनर्स्थापित हुआ और अब राम मंदिर बन रहा है।”

बैठक स्थल पर लगाई गई है प्रदर्शनी

इसके पूर्व सोमवार को दिन में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दो दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक यहां स्थित नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के कन्वेंशन सेंटर में आरंभ हुई। बैठक स्थल पर लगाई गई एक प्रदर्शनी में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण कार्य पर विशेष ध्यान दिया गया है।

पीएम मोदी और भाजपा संस्कृति के ध्वजवाहक के रूप में प्रदर्शित

प्रदर्शनी मोटे तौर पर छह विषयों पर आधारित है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा को संस्कृति के ध्वजवाहक के रूप में दिखाया गया है। इसमें दिखाया गया है कि कैसे पार्टी ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण और काशी विश्वनाथ और महाकालेश्वर मंदिरों के कायाकल्प द्वारा भारत की प्राचीन संस्कृति को संरक्षित और बहाल किया है।

प्रदर्शनी में भाजपा ने इस बात पर भी प्रकाश डाला है कि भारत कैसे प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में ‘विश्व गुरु’ के रूप में उभर रहा है। प्रदर्शनी में पार्टी के राष्ट्रवादी एजेंडे, भारत को मजबूत करने के लिए मोदी सरकार द्वारा किए गए विभिन्न उपायों और विशेष रूप से कोविड-19 महामारी के दौरान पार्टी द्वारा किए गए कल्याण और सार्वजनिक सेवा कार्यों को प्रदर्शित किया गया है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code