1. Home
  2. राज्य
  3. महाराष्ट्र
  4. मुंबई को 11 फरवरी को मिलेगा नया मेयर, महिला के लिए आरक्षित है BMC मेयर का पद
मुंबई को 11 फरवरी को मिलेगा नया मेयर, महिला के लिए आरक्षित है BMC मेयर का पद

मुंबई को 11 फरवरी को मिलेगा नया मेयर, महिला के लिए आरक्षित है BMC मेयर का पद

0
Social Share

मुंबई, 4 फरवरी। मायानगरी मुंबई में नए मेयर के लिए तारीख निर्धारित कर दी गई है। इस क्रम में 11 फरवरी को मध्याह्न 12 बजे मुंबई महानगरपालिका (BMC) में महापौर के लिए मतदान होगा। हालांकि मेयर भाजपा का होगा या शिवसेना का, इस बाबत तस्वीर अब तक साफ नहीं हो सकी है। इस बार यह पद सामान्य वर्ग की महिला पार्षद के लिए आरक्षित किया गया है। यानी मुंबई को इस बार एक महिला मेयर मिलने जा रही है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सात फरवरी को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। उसी दिन उप महापौर के चुनाव की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। चुनाव की देखरेख बीएमसी कमिश्नर भूषण गगरानी करेंगे। अधिकारियों के अनुसार अगली बैठक में समिति के सदस्यों के नामों का भी एलान किया जा सकता है।

भाजपा सर्वाधिक 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी

गौरतलब है कि बीएमसी चुनाव के लिए पिछले माह 15 जनवरी को मतदान हुआ था जबकि 16 जनवरी को वोटों की गिनती पूरी की गई। चुनाव में भाजपा सर्वाधिक 89 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है जबकि उसकी सहयोगी शिवसेना को 29 सीटें मिली हैं। वहीं, शिवसेना (UBT) को 65 सीटें मिली हैं और राज ठाकरे की मनसे को सिर्फ छह सीटों से संतोष करना पड़ा था।

मेयर चुनाव में बहुमत का आंकड़ा 114 सीटों का है, जिसे शिवसेना और भाजपा ने मिलकर पार कर लिया है। ऐसे में दोनों दल मिलकर अपने उम्मीदवार को मेयर बना सकते हैं। हालांकि, अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मेयर की कुर्सी भाजपा के पास जाएगी या शिवसेना शिंदे गुट के पास। वहीं मुंबईवासियों की नजरें अब 11 फरवरी पर टिकी हैं, जब यह तय होगा कि मुंबई की कमान किस महिला पार्षद के हाथों में जाएगी और शहर का नया मेयर कौन बनेगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code