1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. इंडियन प्रीमियर लीग : मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या को सौंपी कमान, अगले सत्र में रोहित की जगह करेंगे टीम की कप्तानी
इंडियन प्रीमियर लीग : मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या को सौंपी कमान, अगले सत्र में रोहित की जगह करेंगे टीम की कप्तानी

इंडियन प्रीमियर लीग : मुंबई इंडियंस ने हार्दिक पंड्या को सौंपी कमान, अगले सत्र में रोहित की जगह करेंगे टीम की कप्तानी

0
Social Share

मुंबई, 15 दिसम्बर। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) इतिहास की दो सर्वाधिक सफल फ्रेंचाइजी टीमों में एक मुंबई इंडियंस ने कद्दावर हरफनमौला हार्दिक पंड्या को आईपीएल 2024 के लिए टीम की कप्तानी सौंप दी है। हार्दिक सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले, सबसे सफल और पसंदीदा कप्तानों में से एक  रोहित शर्मा का स्थान लेंगे। मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार की शाम एक बयान जारी कर इस आशय की अधिकृत घोषणा कर दी।

मुंबई इंडियंस के ग्लोबल हेड (परफार्मेंस) महेला जयवर्धने ने इस नेतृत्व परिवर्तन पर टिप्पणी करते हुए कहा, ‘यह विरासत निर्माण और भविष्य के लिए तैयार रहने के MI के दृष्टिकोण के प्रति ईमानदार रहने का हिस्सा है। मुंबई इंडियंस को सचिन से लेकर हरभजन और रिकी से लेकर रोहित तक हमेशा असाधारण नेतृत्व का आशीर्वाद मिला है, जिन्होंने तत्काल सफलता में योगदान देने के साथ-साथ भविष्य के लिए टीम को मजबूत करने पर भी नजर रखी है। इसी विचारधारा के अनुरूप हार्दिक पंड्या आईपीएल 2024 सीज़न के लिए मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालेंगे।’

असाधारण नेतृत्व के लिए रोहित शर्मा का आभार जताया

पूर्व श्रीलंकाई कप्तान जयवर्धने ने कहा,’ हम रोहित शर्मा के असाधारण नेतृत्व के लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं। 2013 से मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में उनका कार्यकाल असाधारण से कम नहीं है। उनके नेतृत्व ने न केवल टीम को अद्वितीय सफलता दिलाई है बल्कि एक टीम के रूप में उनकी जगह भी मजबूत की है। आईपीएल के इतिहास में सबसे बेहतरीन कप्तानों में से एक रोहित के मार्गदर्शन में MI की सबसे सफल और पसंदीदा टीमों में से एक बन गई। हम MI को और मजबूत करने के लिए मैदान के अंदर और बाहर उनके मार्गदर्शन और अनुभव का इंतजार करेंगे।’

MI ने नए कप्तान पंड्या का स्वागत करने के साथ उन्हें शुभकामनाएं दीं

महेला ने कहा, ‘हम हार्दिक पंड्या का मुंबई इंडियंस के नए कप्तान के रूप में स्वागत करते हैं और उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।’ गौरतलब है कि गुजरात टाइटंस को उसके प्रथम प्रवेश (वर्ष 2022) में विजेता और 2023 में उप-विजेता बनाने वाले चैम्पियन कप्तान हार्दिक पंड्या पिछले दिनों अपनी पुरानी टीम मुंबई इंडियंस में लौट आए थे, तभी से ये कयास लगाए जाने लगे थे कि फ्रेंचाइजी उन्हें रोहित की जगह टीम की कप्तानी सौंप सकती है और अंततः इन अटकलों पर आज विराम लग गया।

उल्लेखनीय है कि हार्दिक ने 2015 में मुंबई इंडियंस के साथ अपनी आईपीएल की यात्रा शुरू की थी और 2021 तक टीम के साथ रहे। इस बीच मुंबई इंडियंस ने चार बार आईपीएल खिताब जीता। मुंबई इंडियंस ने हार्दिक को वापस लाने के लिए ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन को मुंबई इंडियंस से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में स्थानांतरित कर दिया। ग्रीन को पिछली नीलामी में बड़ी रकम देकर जोड़ा गया था।

रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने 5 आईपीएल खिताब जीते

जहां तक रोहित का सवाल है तो उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस ने पांच आईपीएल खिताब जीते हैं और अब हार्दिक पर इस सफर को और आगे ले जाने की जिम्मेदारी है। आईपीएल में शानदार रिकॉर्ड्स रखने वाले हार्दिक ने अपने IPL करिअर में मुंबई इंडियंस के लिए 92 मुकाबले खेले हैं। पंड्या ने इन मैचों में कुल 1476 रन बनाए हैं। उन्होंने 60 पारियों में 42 विकेट भी झटके हैं।

वर्ष 2022 में गुजरात टाइटंस ने हार्दिक को 15 करोड़ रुपये में खरीदा था। उन्होंने अपनी कप्तानी में पहले ही वर्ष टीम को चैम्पियन बनाया। वर्ष 2023 में भी हार्दिक टीम को फाइनल तक ले कर गए। मुंबई ने हार्दिक को लगातार चार वर्षों यानी 2018 से 2021 तक 11-11 करोड़ रुपये में खरीदा था। अब दोबारा उन्हें अपने साथ जोड़ने के लिए फ्रेंचाइजी ने अच्छी खासी रकम खर्च की है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code