मिसाइलों से दहल उठा सऊदी स्थित अमेरिकी एयरबेस, ईरान का कई एयरक्राफ्ट मार गिराने का दावा

तेहरान, 29 मार्च। पिछले एक महीने से जारी इजराइल-अमेरिका बनाम ईरान जंग के बीच ईरान ने सऊदी अरब स्थित अमेरिकी एयरबेस को निशाना बनाया है। इस क्रम में ईरान ने दावा किया है कि इस हमले में अमेरिका के कई विमान तबाह हुए हैं।

आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल विमान ‘E-3 AWACS’ मलबे के ढेर में तब्दील

ईरानी मीडिया के अनुसार इस हमले में छह बैलिस्टिक मिसाइलों और 29 खतरनाक ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था। सबसे हैरत की बात यह है कि इस हमले में वहां तैनात अमेरिका का सबसे आधुनिक कमांड एंड कंट्रोल विमान ‘E-3 AWACS’ मलबे के ढेर में तब्दील हो गया है।

ईरान ने ऐसा दावा करते हुए कुछ तस्वीरें भी जारी की हैं। तस्वीरों में दिख रहा है कि विशालकाय विमान का बीच का पूरा हिस्सा उड़ चुका है। इसके अलावा, विमानों में ईंधन भरने वाले रिफ्यूलिंग विमानों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

कई अमेरिकी सैनिक घायल

ईरान का दावा है कि बदले की इस काररवाई में कम से कम 10 अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं। वहीं, दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। हालांकि, अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने अब तक आधिकारिक तौर पर इस हमले पर खुलकर कोई बयान जारी नहीं किया है।

उल्लेखनीय है कि गत 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने ईरान के खिलाफ मोर्चा खोला था। इसके बाद से ही सऊदी अरब स्थित प्रिंस सुल्तान एयरबेस लगातार ईरान के निशाने पर रहा है। ईरान का दावा है कि उसने अमेरिका के एक MQ-9 रीपर ड्रोन को भी मार गिराया है और एक F-16 लड़ाकू विमान को नुकसान पहुंचाया है।

यमन के हूती बागियों की भी हो चुकी है युद्ध में एंट्री

देखा जाए तो यह युद्ध अब सिर्फ तीन देशों तक सीमित नहीं रहा है। यमन के हूती बागियों ने भी इजराइल पर मिसाइलें दाग दी हैं। वहीं, इस खूनी खेल में आम जनता बहुत बुरी तरह पिस रही है। कुछ दिन पहले ही मिनाब में एक गर्ल्स स्कूल पर मिसाइल गिरने से करीब 168 मासूम बच्चियों की मौत हो गई थी। ईरान ने साफ कर दिया है कि वह अमेरिका और इजराइल के ठिकानों पर ऐसे हमले जारी रखेगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular