महाराष्ट्र : सीएम एकनाथ शिंदे ने राज्यपाल को सौंपा इस्तीफा, नए सीएम के साथ जल्द ही मंत्रिमंडल गठन की संभावना

मुंबई, 26 नवम्बर। महाराष्ट्र की राजनीति में बड़े बदलाव की आहट सुनाई देने लगी है। इस क्रम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मंगलवार को अपराह्न राजभवन जाकर राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार भी राजभवन पहुंचे थे।

नई सरकार के गठन तक शिंदे कार्यवाहक सीएम रहेंगे

शिंदे के इस्तीफे के साथ ही महाराष्ट्र की विधानसभा भंग हो गई है और अब राज्यपाल ने नई सरकार के गठन तक एकनाथ शिंदे से कार्य़वाहक सीएम बने रहने को कहा है। यह फैसला विधानसभा का कार्यकाल खत्म होने के तकनीकी कारणों से लिया गया है। हालांकि, नई सरकार के गठन तक शिंदे बतौर कार्यवाहक मुख्यमंत्री काम करते रहेंगे।

नए सीएम के साथ 20 विधायकों को मंत्रिपद की शपथ दिलाई जा सकती है

इस बीच, राजभवन में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और जल्द ही नए मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा के साथ मंत्रिमंडल का गठन होने की संभावना है। हालांकि अब तक यह स्प्ष्ट नहीं है महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। फिलहाल नए मुख्यमंत्री के साथ 20 विधायकों को मंत्रिपद की शपथ दिलाई जा सकती है।

मुख्यमंत्री पद का फॉर्मूला क्या होगा?

भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति, सत्ता गठन का दावा पेश करेगी। महायुति में शिवसेना (शिंदे गुट) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) की शामिल हैं। लेकिन महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि मुख्यमंत्री पद किस पार्टी को मिलेगा और वह कितने समय तक उसी पार्टी या नेता के पास रहेगा।

फडणवीस का नाम आगे, लेकिन औपचारिक एलान बाकी

मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। हालांकि, अब तक इस पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। नए मंत्रिमंडल के बारे में चर्चा है कि मुख्यमंत्री के साथ 20 विधायकों को मंत्री बनाया जाएगा। इसमें सबसे अधिक सीटें जीतने वाली भाजपा को प्राथमिकता मिलने की उम्मीद है। खबरों के अनुसार, भाजपा के 10 विधायक मंत्रीपद की शपथ ले सकते हैं, जिनमें कैबिनेट और राज्य मंत्री दोनों शामिल होंगे।

मंत्रिमंडल में किसे कितना हिस्सा मिलेगा?

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शिवसेना (शिंदे गुट) के छह विधायकों को मंत्री बनाया जा सकता है। इनमें चार कैबिनेट मंत्री और दो राज्य मंत्री होने की संभावना है। अजित पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को चार मंत्रिपद मिल सकते हैं, जिनमें तीन कैबिनेट और एक राज्य मंत्री शामिल हो सकते हैं। महाराष्ट्र की नई सरकार का स्वरूप कैसा होगा और किस पार्टी को सत्ता में ज्यादा हिस्सेदारी मिलेगी, यह देखने वाली बात होगी। हालांकि, इस दौरान राजनीतिक समीकरण तेजी से बदल रहे हैं और अगले जल्द ही कुछ बड़ी घोषणाएं हो सकती हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular