‘जासूसी’ कांड से विवादों में घिरे एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग का इस्तीफा, कोलेट क्रेस अंतरिम प्रमुख नियुक्त

वॉशिंगटन, 12 नवम्बर। अमेरिका की शीर्ष सेमीकंडक्टर कम्पनियों में शुमार एनवीडिया (Nvidia) के सह संस्थापक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेन्सेन हुआंग ने एक कथित चीनी जासूस और कम्पनी की एक कर्मचारी के साथ विवाहेतर संबंधों की खबरों से विवादों में घिरने के बाद कम्पनी के अध्यक्ष, CEO और बोर्ड सदस्य के पदों से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। कम्पनी के निदेशक बोर्ड ने गुरुवार को यह घोषणा की।

स्थायी उत्तराधिकारी की नियुक्ति तक कम्पनी का नेतृत्व भी करेंगी कोलेट

एनवीडिया की एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट और चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO), कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया गया है। जब तक किसी स्थायी उत्तराधिकारी की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक वह सीएफओ के पद पर बनी रहेंगी और साथ ही कम्पनी का नेतृत्व भी करेंगी।

बोर्ड ने एक स्थायी सीईओ की तलाश शुरू कर दी है और वह आंतरिक तथा बाहरी, दोनों तरह के उम्मीदवारों पर विचार करेगा। क्रेस सितम्बर, 2013 में एनवीडिया से जुड़ीं और 13 वर्षों से अधिक समय तक कम्पनी के फाइनेंस विभाग का नेतृत्व किया है। एनवीडिया में आने से पहले, उन्होंने सिस्को और माइक्रोसॉफ्ट जैसी बड़ी टेक्नोलॉजी कम्पनियों में फाइनेंस से जुड़े पदों पर लगभग 25 वर्ष बिताए हैं।

हुआंग द्वारा तैयार की गई नींव को आगे बढ़ाते हुए क्रेस ने कहा कि वह एक्सीलरेटेड कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में एनवीडिया के काम को जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, ‘अपनी लीडरशिप टीम के साथ मिलकर मैं उस असाधारण नींव को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हूं, जिसे जेन्सेन ने पिछले 33 वर्षों में तैयार किया है।’

हार्वे सी. जोंस कम्पनी के पहले ‘चेयर ऑफ द बोर्ड’ नियुक्त

कम्पनी के नेतृत्व में एक और बड़े बदलाव के तहत, एनवीडिया के बोर्ड ने हार्वे सी. जोंस को अपना पहला ‘चेयर ऑफ द बोर्ड’ नियुक्त किया है। जोन्स के पास एक उद्यमी, टेक्नोलॉजी एग्जीक्यूटिव और वेंचर इन्वेस्टर के तौर पर 30 साल से ज़्यादा का अनुभव है। इससे पहले वे सिनोप्सिस के सीईओ और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन रह चुके हैं।

जोन्स ने कहा, ‘कोलेट ने एनवीडिया को जबर्दस्त विकास के दौर में आगे बढ़ाने में मदद की है। उन्हें हमारे बिज़नेस, ग्राहकों, कामकाज और वित्तीय स्थिति की गहरी समझ है।’ उन्होंने आगे कहा कि क्रेस को एक अनुभवी लीडरशिप टीम का सहयोग मिलेगा, और कम्पनी का कामकाज, ग्राहकों से किए गए वादे और प्रोडक्ट रोडमैप बिना किसी रुकावट के जारी रहेंगे।

एनवीडिया 17 नवम्बर को तीसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित करेगी

इस बीच बोर्ड ने एनवीडिया और टेक्नोलॉजी इंडस्ट्री में हुआंग के योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद दिया और कम्पनी को दुनिया की सबसे महत्वपूर्ण टेक्नोलॉजी कम्पनियों में से एक बताया। एनवीडिया 17 नवम्बर को पैसिफिक टाइम के अनुसार दोपहर लगभग 1:20 बजे वित्त वर्ष 2027 की तीसरी तिमाही के वित्तीय नतीजे घोषित करेगी, जिसके बाद दोपहर दो बजे एक अर्निंग्स कॉल होगी। कम्पनी ने बताया कि इस शेड्यूल में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular