मध्य प्रदेश: मोहन यादव मंत्रिमंडल का विस्तार, रामनिवास रावत ने ली मंत्री पद की शपथ

भोपाल, 8 जुलाई। मध्यप्रदेश में सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मंत्रिमंडल के विस्तार के तहत श्योपुर जिले के विजयपुर से वरिष्ठ विधायक रामनिवास रावत ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। रावत को यहां राजभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कराई। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भी उपस्थित रहे।

रावत वर्ष 2023 में हुए विधानसभा चुनाव में विजयपुर से कांग्रेस से छठवीं बार विधायक चुन कर आए हैं। इसके बाद हालिया लोकसभा चुनाव के दौरान वे कांग्रेस छोड़ कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। वे इसके पहले कांग्रेस की प्रदेश इकाई के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्य की पूर्ववर्ती दिग्विजय सिंह सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। उन्हें राज्य में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के एक बड़े चेहरे के तौर पर देखा जाता है।

मध्यप्रदेश में वर्तमान में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव समेत 32 मंत्री हैं। इनमें से दो उपमुख्यमंत्री, जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ल समेत 22 कैबिनेट मंत्री हैं। छह राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और चार राज्यमंत्री हैं। अब मंत्रिपरिषद् में तीन पद रिक्त हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular