पश्चिम बंगाल : कोलकाता के DCP शांतनु सिन्हा बिस्वास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी, देश छोड़कर भागने की आशंका
कोलकाता, 5 मई। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना बीते एक दिन भी नहीं बीते कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर (डीसीपी) शांतनु सिन्हा बिस्वास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दी है। एजेंसी को आशंका है कि वह देश छोड़कर भागने की कोशिश कर सकते हैं। यह काररवाई अपराधी बिस्वजीत पोद्दार उर्फ सोना पप्पू से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है।
शांतनु बिस्वास से कई बार पूछताछ
ईडी के अधिकारियों के अनुसार, बिस्वजीत पोद्दार द्वारा संचालित कथित आपराधिक सिंडिकेट से जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच के तहत शांतनु बिस्वास को कई बार पूछताछ के लिए तलब किया गया था। हालांकि, वह अब तक एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए हैं। सूत्रों के अनुसार दक्षिण कोलकाता के बालीगंज निवासी सोना पप्पू पर जमीन कब्जाने, रंगदारी वसूली और आर्म्स एक्ट के तहत कई मामले दर्ज हैं।
मनी लॉड्रिंग की जांच शुरू
ईडी ने इन्हीं आरोपों के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की थी। इस मामले में व्यवसायी जय कामदार को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच के सिलसिले में ईडी ने हाल ही में फर्न रोड स्थित शांतनु बिस्वास के आवास पर छापेमारी भी की थी। छापे के बाद से वह सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए हैं। इसके बाद एजेंसी ने उन्हें और उनके दो बेटों – सायंतन और मनीष को सीजीओ काम्प्लेक्स स्थित ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए समन भेजा था, लेकिन तय तारीख पर कोई भी उपस्थित नहीं हुआ।
रेत तस्करी में आया था नाम
इससे पहले ईडी ने रेत तस्करी से जुड़े एक अन्य मामले में भी शांतनु बिस्वास को तलब किया था। इस मामले में कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच की जा रही है। हालांकि, इस बार भी वह स्वयं उपस्थित नहीं हुए और उनकी ओर से वकील ईडी कार्यालय पहुंचे।
ईडी अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों में शांतनु बिस्वास से पूछताछ जरूरी है। उनकी अनुपस्थिति और संभावित फरारी की आशंका को देखते हुए ही लुकआउट नोटिस जारी की है, ताकि वह देश से बाहर न जा सकें।
