देहरादून, Kotgadi Bhagwati Temple : देवभूमि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ प्राचीन मंदिरों और अनूठी धार्मिक मान्यताओं के लिए भी प्रसिद्ध है। यहां स्थित मां कोटगाड़ी भगवती मंदिर आस्था, शक्ति और न्याय की देवी के रूप में विशेष पहचान रखता है। मान्यता है कि जब किसी व्यक्ति को कहीं से न्याय नहीं मिलता या उसकी समस्या का समाधान नहीं निकलता, तो वह मां के दरबार में गुहार लगाता है। यही वजह है कि इस मंदिर में श्रद्धालु केवल पूजा-अर्चना ही नहीं करते, बल्कि अपनी समस्याएं और शिकायतें लिखकर भी मां के चरणों में अर्पित करते हैं।
मंदिर का शांत वातावरण और आसपास फैली पहाड़ों की प्राकृतिक सुंदरता श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक सुकून देती है। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी मां कोटगाड़ी भगवती मंदिर की विशेषता को लेकर अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंदिर का वीडियो साझा करते हुए लिखा, “आदि शक्ति मां भगवती की जय हो! मैं प्रार्थना करता हूं कि मां रानी सभी भक्तों पर अपनी कृपा ऐसे ही बनाए रखें।”
न्याय की देवी के रूप में पूजी जाती हैं मां कोटगाड़ी
मां कोटगाड़ी भगवती को स्थानीय लोग न्याय की देवी मानते हैं। लोक मान्यता है कि जब किसी व्यक्ति को लंबे समय तक न्याय नहीं मिलता या विवाद का समाधान नहीं हो पाता, तो वह मां के दरबार में अपनी फरियाद लेकर पहुंचता है। कहा जाता है कि यहां कई पीढ़ियों से चले आ रहे विवादों को लेकर भी श्रद्धालु न्याय की गुहार लगाते हैं। ऐसी भी मान्यता है कि झूठा आरोप लगाने वाले को मां के दरबार में दंड मिलता है।
पहले श्रद्धालु मंदिर में पहुंचकर प्रत्यक्ष रूप से अपनी पीड़ा मां के सामने रखते थे। समय के साथ इस परंपरा का तरीका बदल गया है। अब लोग अपनी समस्या, शिकायत या न्याय की मांग पत्र और स्टांप पेपर पर लिखकर मंदिर में अर्पित करते हैं। कुछ श्रद्धालु अपनी फरियाद डाक के माध्यम से भी मंदिर तक भेजते हैं।
चंद शासकों के काल से जुड़ी है मंदिर की मान्यता
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मां कोटगाड़ी भगवती मंदिर का संबंध चंद शासकों के काल से माना जाता है। कहा जाता है कि स्थानीय ग्रामीणों को सपने में दिव्य आदेश मिलने के बाद मंदिर की स्थापना हुई थी। मंदिर की परंपराओं में मुख्य सेवक के रूप में भंडारी ग्वल्ल का विशेष महत्व बताया जाता है, जबकि पुजारी परिवार नियमित रूप से पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान की जिम्मेदारी संभालता है। यहां देवी की पूजा सात्विक वैष्णवी शक्ति के रूप में की जाती है। मां को प्रसाद के रूप में खीर अर्पित की जाती है। श्रद्धालु पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और परेशानियों से मुक्ति की कामना करते हैं।
मंदिर परिसर में हैं कई धार्मिक स्थल
मुख्य मंदिर के आसपास भी कई धार्मिक स्थल मौजूद हैं। मंदिर परिसर के निकट बागादेव के रूप में पूजे जाने वाले दो भाइयों सूरजमल और छुरमल का मंदिर स्थित है। इसके अलावा यहां हवन कुंड, धूनी और साधुओं के ठहरने के लिए कक्ष भी बने हुए हैं। इन स्थानों का धार्मिक और स्थानीय परंपराओं में विशेष महत्व है।
नवरात्रि और ऋषि पंचमी पर लगता है मेला
मां कोटगाड़ी भगवती मंदिर में सालभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है, लेकिन कुछ विशेष अवसरों पर यहां धार्मिक आयोजन और मेले आयोजित होते हैं। चैत्र और शारदीय नवरात्रि की अष्टमी के दिन मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना होती है। इसके अलावा भादों महीने में ऋषि पंचमी के अवसर पर भी विशेष धार्मिक आयोजन किए जाते हैं। आस्था और न्याय से जुड़ी अनूठी मान्यताओं के कारण मां कोटगाड़ी भगवती मंदिर उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों में अपनी अलग पहचान रखता है। यहां आने वाले श्रद्धालु मां के दर्शन कर सुख-शांति, समृद्धि और न्याय की कामना करते हैं।


