मिस्र में भीषण हादसा : ईंधन टैंकर पलटने के बाद लगी आग, 31 लोगों की मौत, 25 झुलसे

काहिरा, 26 नवंबर। मिस्र की राजधानी काहिरा के पास बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पेट्रोलियम उत्पादों से भरा ईंधन टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके बाद भीषण आग लग गई। हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य झुलसकर घायल हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि दो दर्जन से अधिक कारें और मोटरसाइकिलें इसकी चपेट में आकर जलकर खाक हो गईं। समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, हादसा काहिरा के प्रमुख रिंग रोड पर गीजा प्रांत के अल-वर्राक इलाके में हुआ। टैंकर के पलटते ही उसमें आग लग गई और देखते ही देखते लपटों ने आसपास से गुजर रहे वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

39 एंबुलेंस से पहुंचाए गए घायल, बड़े पैमाने पर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

मिस्र के सार्वजनिक अभियोजन कार्यालय के मुताबिक, हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़े पैमाने पर राहत और बचाव अभियान चलाया गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कोशिश की, जबकि बचाव दल ने जलती हुई गाड़ियों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई। मिस्र के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। राहत अभियान में 39 एंबुलेंस लगाई गईं। आग में कई शव बुरी तरह झुलस जाने के कारण मृतकों की पहचान के लिए डीएनए जांच शुरू कराई गई है।

मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका, स्वास्थ्य मंत्री ने किया दौरा

स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने कहा कि मृतकों की संख्या शुरुआती अनुमान पर आधारित है और इसमें बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने घटनास्थल का दौरा करने के साथ घायलों के इलाज की व्यवस्था की निगरानी करने की बात कही।वहीं, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पीड़ित परिवारों की सहायता करने के निर्देश दिए हैं।

डिवाइडर से टकराकर पलटा था टैंकर, जांच जारी

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, टैंकर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था। इसके बाद टैंकर सड़क के कंक्रीट डिवाइडर से टकराकर पलट गया और उसमें आग लग गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारी तय करने के लिए अधिकारियों की जांच जारी है।

मिस्र में सड़क हादसों से बढ़ रही चिंता

मिस्र में सड़क दुर्घटनाएं लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई हैं। तेज रफ्तार, खराब सड़कों और यातायात नियमों के कमजोर क्रियान्वयन को यहां होने वाले हादसों की प्रमुख वजह माना जाता है। मिस्र की सरकारी सांख्यिकी एजेंसी के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में 5,829 लोगों की मौत हुई थी। यह संख्या वर्ष 2024 में दर्ज 5,260 मौतों के मुकाबले 10.8 प्रतिशत अधिक थी। इससे पहले साल की शुरुआत में दक्षिणी प्रांत बेनी सुएफ के पास कई वाहनों की टक्कर में 21 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 16 लोग घायल हुए थे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular