रायपुर। अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत शनिवार रात छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आयोजित ‘ढोलिडा 2026’ गरबा उत्सव में शामिल हुईं। नवरात्र के मौके पर आयोजित इस कार्यक्रम में कंगना पारंपरिक परिधान में नजर आईं। रविवार को उन्होंने विपक्ष के ‘रिजीम चेंज’ यानी सत्ता परिवर्तन से जुड़े बयानों पर प्रतिक्रिया दी। इसके साथ ही उन्होंने कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर दुख जताते हुए लोगों से भारी भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की अपील की।
विपक्ष पर कंगना का हमला, पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ
विपक्ष की ओर से सत्ता परिवर्तन को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कंगना रनौत ने मजबूत नेतृत्व की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष की ऐसी गतिविधियां देश को यह याद दिलाती हैं कि मजबूत नेतृत्व कितना जरूरी है। कंगना ने फ्रांस में हुए हिंसक प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए कहा कि वहां ऐतिहासिक इमारतों से लेकर दुकानों तक को नुकसान पहुंचाया गया और लूटपाट की घटनाएं हुईं। उन्होंने मौजूदा वैश्विक हालात को तीसरे विश्व युद्ध की आशंकाओं से जोड़ते हुए कहा कि भारत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की पहले से कहीं ज्यादा जरूरत है।
कोलकाता भगदड़ हादसे पर जताया दुख
कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में हुई भगदड़ की घटना पर कंगना रनौत ने गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि त्योहारों के खुशनुमा माहौल के बीच इतने लोगों का दुख में डूब जाना बेहद पीड़ादायक है। कंगना ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए लोगों से अपील की कि वे अत्यधिक भीड़ वाली जगहों पर जाने से बचें। उन्होंने कहा कि दशहरा और दीपावली समेत कई त्योहार आने वाले हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।
पारंपरिक परिधान में साझा कीं तस्वीरें
कंगना रनौत ने इंस्टाग्राम पर अपने फोटोशूट के बिहाइंड-द-सीन्स (BTS) पल भी साझा किए। उन्होंने पारंपरिक परिधान पहनने पर खुशी जाहिर करते हुए भारतीय शिल्प और सांस्कृतिक विरासत की सराहना की। उन्होंने लिखा कि अपनी पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत को पहनना उनके लिए खुशी की बात है। साथ ही, उन्होंने छत्तीसगढ़ में गरबा उत्सव का हिस्सा बनने पर भी प्रसन्नता जताई।
कंगना बोलीं- नवरात्र स्त्रीत्व का उत्सव
नवरात्र के महत्व पर बात करते हुए कंगना ने कहा कि नवरात्र स्त्रीत्व का उत्सव है और गरबा जीवन का नृत्य है। उन्होंने कहा कि इन सभी परंपराओं के केंद्र में देवी शक्ति हैं। अभिनेत्री ने देशवासियों को नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं।


