पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान धोनी के जन्मदिन पर JSCA का विशेष आयोजन, खिलाड़ियों ने साझा किए यादगार पल
रांची, 8 जुलाई। भारतीय क्रिकेट के सफलतम और प्रेरणादायी कप्तानों में एक महेंद्र सिंह धोनी (MSD) का जन्मदिन सोमवार को पूरे देशभर में धूमधाम से मनाया गया। इसी क्रम में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने मंगलवार को यहां एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर इस क्रिकेट आइकन को सम्मानित किया। कार्यक्रम में राज्य के वरिष्ठ महिला और पुरुष खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया गया, जिन्हें धोनी से मिलने और उनसे प्रेरणा लेने का सुनहरा अवसर मिला।
धोनी ने, जिन्होंने अपनी कप्तानी में भारत को 2007 टी20 विश्व कप, 2011 वनडे विश्व कप और 2013 चैंपियंस ट्रॉफी में चैम्पियन बनाया, झारखंड के क्रिकेट इतिहास का गौरवशाली चेहरा हैं। उनके जन्मदिन पर आयोजित यह समारोह वहां मौजूद खिलाड़ियों के लिए न सिर्फ एक यादगार पल रहा बल्कि आने वाली पीढ़ी को उनके अनुभवों से जोड़ने की एक सार्थक पहल भी रही।

कार्यक्रम में JSCA के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय सहाय, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम और कोषाध्यक्ष अमिताभ घोष सहित संघ के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज आरपी सिंह की उपस्थिति ने समारोह को और खास बना दिया।
अजय नाथ शाहदेव ने बताया कि यह आयोजन सिर्फ एक समारोह नहीं, बल्कि झारखंड क्रिकेट के इतिहास को एक बार फिर से धोनी के साथ जोड़ने का प्रयास था। इस आयोजन ने खिलाड़ियों के मनोबल को भी नई ऊंचाई दी है। चूंकि धोनी सोमवार को काफी व्यस्त थे, इसलिए मंगलवार को उनके साथ JSCA के सदस्यों और खिलाड़ियों ने समय बिताया और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी।
धोनी ने बेहद सहजता और सादगी के साथ खिलाड़ियों से मुलाकात की और कई महत्वपूर्ण बातों को साझा किया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा फोटो सेशन, जिसमें राज्य के युवा और अनुभवी खिलाड़ियों ने उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और इस पल को जीवनभर के लिए संजो लिया।
