वाणिज्यिक सिलेंडर का दाम बढ़ने पर राहुल गांधी ने सरकार को घेरा- चुनाव खत्म होते ही शुरू हुई महंगाई की गर्मी
नई दिल्ली, 1 मई। मध्य पूर्व में जारी संकट के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य की अमेरिकी नाकेबंदी के चलते कच्चे तेल व एलपीजी की नियमित आपूर्ति में व्यवधान का ही असर था कि मई माह के पहले ही दिन इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड व भारत पेट्रोलियम कॉर पोरेशन लिमिटेड जैसी सरकारी पेट्रोलियम कम्पनियों ने वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की कीमतों में जबर्दस्त बढ़ोतरी कर दी। बस फिर क्या था, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने तत्काल केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला दिया।
एक ही दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी..यह चुनावी बिल
राहुल गांधी ने बिना नाम लिए केंद्र सरकार को घेरते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, ‘कह दिया था चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी। आज कमर्शियल गैस सिलेंडर ₹993 महंगा। एक ही दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी। यह चुनावी बिल है।
कह दिया था – चुनाव के बाद महंगाई की गर्मी आएगी।
आज कमर्शियल गैस सिलेंडर ₹993 महंगा। एक ही दिन में सबसे बड़ी बढ़ोतरी। यह चुनावी बिल है।
फरवरी से अब तक: ₹1,380 की बढ़ोतरी – सिर्फ़ 3 महीनों में 81% का इज़ाफ़ा।
चायवाला, ढाबा, होटल, बेकरी, हलवाई – हर किसी की रसोई पर बोझ बढ़ा। और…
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 1, 2026
पहला वार गैस पर, अगला वार पेट्रोल-डीजल पर
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि फरवरी से अब तक ₹1,380 की बढ़ोतरी सिर्फ तीन महीनों में 81% का इजाफा। उन्होंने आगे लिखा, ‘चायवाला, ढाबा, होटल, बेकरी, हलवाई – हर किसी की रसोई पर बोझ बढ़ा। और इसका असर आपकी थाली पर भी पड़ेगा। पहला वार गैस पर, अगला वार पेट्रोल-डीजल पर।’
राहुल ने पहले ही इशारा किया था – चुनाव की राहत खत्म, अब महंगाई की मार पड़ने वाली है
गौरतलब है कि बीते मंगलवार को राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि मोदी सरकार जल्द ही पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ाएगी क्योंकि पश्चिम बंगाल में बुधवार को मतदान समाप्त हो जाएगा और असम, केरल, पुडुचेरी और तमिलनाडु में मतदान पहले ही पूरा हो चुका है।
लोगों को करना पड़ेगा महंगाई का सामना
राहुल गांधी ने कहा था, ‘लोगों को बढ़ती महंगाई का सामना करना पड़ेगा। चुनाव की राहत खत्म, अब महंगाई की मार पड़ने वाली है। 29 अप्रैल के बाद सावधान हो जाइए – पेट्रोल, डीजल, सब कुछ महंगा हो जाएगा। जब तेल सस्ता था, तो मोदी सरकार ने सारा मुनाफा अपनी जेब में डाल लिया। अब जब यह महंगा हो गया है, तो इसका बोझ आप पर डाल देगी। एक ऐसी सरकार, जो सस्ता होने पर लूट मचाती है, और महंगाई की मार जनता को झेलने के लिए छोड़ देती है।’
अखिलेश का वार – ‘सिलेंडर महंगा नहीं होता, रोटी-थाली महंगी होती है’
वही समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सरकार पर हमला बोलते हुए एक्स पर लिखा कि सिलेंडर महंगा नहीं होता, रोटी-थाली महंगी होती है। ये बात वही जानता है, जो खुद खरीदकर खाता है। वो नहीं, जो दूसरों के यहां जाकर खाता है या दूसरों की थाली से चुराता है।
सिलेंडर महंगा नहीं होता, रोटी-थाली महंगी होती है। ये बात वही जानता है जो ख़ुद ख़रीदकर खाता है, वो नहीं जो दूसरों के यहाँ जाकर खाता है या दूसरों की थाली से चुराता है।
सिलेंडर महंगा करना था तो सीधे 1000 रूपये महंगा कर देते। 1000 में 7 रुपये कम करके ये भाजपावाले किस पर एहसान कर रहे…
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) May 1, 2026
सपा सुप्रीमो ने आगे लिखा, “सिलेंडर महंगा करना था तो सीधे 1000 रुपये महंगा कर देते। 1000 में 7 रुपये कम करके ये भाजपावाले किस पर एहसान कर रहे हैं? भाजपा ‘महंगाई, बेरोजगारी, बेकारी व मंदी’ पर निंदा प्रस्ताव कब लाएगी?”
