1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. दिल्ली और हरियाणा में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की गुंजाइश नहीं : जयराम रमेश
दिल्ली और हरियाणा में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की गुंजाइश नहीं : जयराम रमेश

दिल्ली और हरियाणा में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन की गुंजाइश नहीं : जयराम रमेश

0
Social Share

नई दिल्ली, 4 जुलाई। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने गुरुवार को कहा कि दिल्ली और हरियाणा के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ गठबंधन की कोई गुंजाइश नहीं है। हालांकि महाराष्ट्र एवं झारखंड के विधानसभा चुनावों में इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस I.N.D.I.A. बरकरार रहेगा।

जयराम रमेश ने एक समाचार एजेंसी के साथ बातचीत में यह भी कहा कि जिन राज्यों में कांग्रेस एवं सहयोगी दलों के नेता चाहेंगे, वहां यह गठबंधन बरकरार रहेगा। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी दोनों I.N.D.I.A. ब्लॉक के घटक हैं। लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने दिल्ली एवं हरियाणा में मिलकर चुनाव लड़ा था, लेकिन पंजाब में दोनों अलग-अलग मैदान में उतरे थे। महाराष्ट्र, झारखंड, हरियाणा में इसी साल अक्टूबर-नवम्बर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

दिल्ली में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या आगामी विधानसभा चुनावों में भी विपक्षी गठबंधन बरकरार रहेगा, रमेश ने कहा, ‘‘यह झारखंड के विधानसभा चुनाव के लिए बरकरार रहेगा, महाराष्ट् के विधानसभा चुनाव के लिए बरकरार रहेगा। पंजाब में I.N.D.I.A. जनबंधन नहीं है। हरियाणा में (लोकसभा चुनाव में) एक सीट आम आदमी पार्टी को दी गई थी, मैं नहीं समझता कि वहां (विधानसभा चुनाव में) I.N.D.I.A. जनबंधन बरकरार रहेगा।’

उनका कहना था कि दिल्ली में तो आम आदमी पार्टी की ओर से बयान आ गया है कि विधानसभा चुनाव के लिए I.N.D.I.A. जनबंधन नहीं होगा। रमेश ने कहा, ‘‘मैंने पश्चिम बंगाल के संदर्भ में कहा था कि I.N.D.I.A. जनबंधन लोकसभा चुनाव के लिए है। जिन जिन राज्यों में हमारे नेता और दूसरी पार्टियों के नेता चाहते हैं कि गठबंधन हो, वहां गठबंधन रहेगा।’’

उन्होंने यह भी कहा कि महाराष्ट्र में शिवसेना (यूबीटी) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपर) के साथ गठबंधन है तथा झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के साथ गठबंधन है। यह पूछे जाने पर कि क्या दिल्ली और हरियाणा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच गठबंधन होगा तो रमेश का कहना था, ‘‘कोई गुंजाइश नहीं है।’’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code