उप राष्ट्रपति चुनाव में जगदीप धनखड़ होंगे एनडीए के उम्मीदवार

नई दिल्ली, 16 जुलाई। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ उप राष्ट्रपति के अगामी छह अगस्त को प्रस्तावित चुनाव में सत्ताधारी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार होंगे। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को यहां भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद यह घोषणा की। मौजूदा उप राष्ट्रपति एम। वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त हो रहा है।

भाजपा संसदीय दल की बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष नड्डा ने की घोषणा

भाजपा मुख्यालय में हुई संसदीय बोर्ड की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित अन्य शीर्ष नेता उपस्थित रहे।

संसद के दोनों सदनों के 780 सदस्य चुनेंगे उप राष्ट्रपति, भाजपा के 394 सदस्य

देश के उप राष्ट्रपति को चुनने के लिए निर्वाचक मंडल में संसद के दोनों सदनों, लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल होते हैं। संसद में सदस्यों की मौजूदा संख्या 780 है, जिनमें से केवल भाजपा के 394 सांसद हैं। किसी उम्मीदवार को जीत के लिए 390 से अधिक मतों की आवश्यकता होगी।

एनडीए ने वर्ष 2017 में उप राष्ट्रपति पद के लिए तत्कालीन केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू को अपना उम्मीदवार बनाया था। भाजपा इस बार भी अपने उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए मजबूत स्थिति में है।

संसद सत्र के पहले दिन 18 जुलाई को होना है राष्ट्रपति का चुनाव

उल्लेखनीय है कि राजग ने राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए आदिवासी नेता द्रौपदी मुर्मू को उम्मीदवार बनाया है। यदि मुर्मू चुनाव जीत जाती हैं, तो वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी। 18 जुलाई से शुरू हो रहे संसद के मानसून सत्र के पहले ही दिन राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव होना है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular