नई दिल्ली, 29 नवम्बर। भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश (CJI) जगदीश सिंह खेहर ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संगठन के 100 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी।

राष्ट्रीय राजधानी में रोहिणी स्थित समरसता स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सीजेआई ने कहा, ‘मैं आरएसएस को 100 वर्ष पूरे करने और इस उल्लेखनीय उपलब्धि को हासिल करने पर बधाई देता हूं। मुझे यह जानकर खुशी और गर्व हो रहा है कि एक संगठन जो 15 से 20 युवकों के साथ शुरू हुआ था, वह आज दुनिया का सबसे बड़ा संगठन बन गया है।’
संघ के स्वयंसेवक संकट के क्षणों में सबसे आगे रहे हैं
जेएस खेहर ने आरएसएस की उसके मूल उद्देश्य पर डटे रहने के लिए भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘मैं संघ को उस उद्देश्य पर दृढ़ रहने के लिए बधाई देता हूं, जिसे आपने मूल रूप से चुना था। दर्ज इतिहास इस बात का प्रमाण है कि स्वयंसेवक संकट के क्षणों में सबसे आगे रहे हैं।’
RashtraVandanam Rashtriya Swayamsevak Sangh Delhi Prant Samrasta Sthal Rohini Delhi #RashtraVandanam #राष्ट्रवंदनम् https://t.co/Qy9rnya7IP
— RSS (@RSSorg) November 29, 2026
विभाजन के दौरान 1947 में स्वयंसेवकों ने निभाई थी अहम भूमिका
उन्होंने 1947 के देश के विभाजन का जिक्र करते हुए कहा, ‘देश के विभाजन के दौरान 1947 में स्वयंसेवकों ने आत्मरक्षा के आयोजन में, राहत के आयोजन में और पंजाब में हिन्दुओं और सिखों को बाहर निकालने में सक्रिय भूमिका निभाई थी।’
1984 के दिल्ली दंगों में स्वयंसेवकों ने सिख परिवारों की रक्षा में सक्रिय रूप से काम किया था
इसके बाद 1984 में दिल्ली में सिखों के नरसंहार का जिक्र करते हुए पूर्व सीजेआई ने कहा, ‘आरएसएस के आधिकारिक प्रकाशनों में कहा गया है कि स्वयंसेवकों ने सिख परिवारों की रक्षा के लिए सक्रिय रूप से काम किया और खतरे में पड़े मोहल्लों की भी रखवाली की।’
उन्होंने कहा कि लेखक और इतिहासकार खुशवंत सिंह ने भी इस बात की पुष्टि की थी। तत्कालीन सत्तारूढ़ दल के नेतृत्व से घनिष्ठ संबंध होने के बावजूद खुशवंत सिंह ने सिखों की मदद और सुरक्षा करने तथा सांप्रदायिक सद्भाव बनाए रखने के लिए आरएसएस की सराहना की थी। खेहर ने कहा, ‘यही मेरे विश्वास की सच्चाई है।’


