नई दिल्ली, 29 नवंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव, स्वदेशी उत्पादों के बढ़ते निर्यात और सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर उनके पास किसी ठग का फोन आता है तो केवल कॉल काटकर चुप न बैठें, बल्कि इसकी शिकायत ‘संचार साथी’ ऐप या पोर्टल पर जरूर दर्ज कराएं। इससे दूसरे लोगों को साइबर ठगी का शिकार होने से बचाया जा सकता है।
प्रधानमंत्री ने बताया कि संचार साथी ऐप से अब तक पांच हजार करोड़ रुपये से अधिक के संभावित वित्तीय नुकसान को रोकने में मदद मिली है। इस प्लेटफॉर्म से बैंक, भुगतान ऐप, दूरसंचार कंपनियां और पुलिस समेत 1600 से अधिक संस्थान जुड़े हुए हैं। यह ऐप 23 भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे देशभर के लोग इसका इस्तेमाल कर सकते हैं।
ठगों के नंबर रिपोर्ट करने से कटे हजारों मोबाइल कनेक्शन
पीएम मोदी ने ‘मन की बात’ में पुणे के हिमांशु सिंह और आंध्र प्रदेश के नेल्लोर के विवेक अल्हरी के प्रयासों का उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि हिमांशु सिंह ने संचार साथी पर 300 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबरों की शिकायत की। उनके प्रयासों से पिछले एक साल में करीब 18 हजार मोबाइल कनेक्शन रद्द कराने में मदद मिली। इसी तरह विवेक अल्हरी ने 900 से अधिक फ्रॉड नंबरों की जानकारी साझा की, जिसके आधार पर करीब 17 हजार मोबाइल कनेक्शन काटने में मदद मिली।
प्रधानमंत्री ने लोगों से इनसे प्रेरणा लेने की अपील करते हुए कहा, “आपकी इस छोटी सी कोशिश से, देश के किसी दूसरे कोने में, किसी परिवार की जीवन-भर की कमाई बच सकती है।” उन्होंने कहा कि अगर कोई फोन करके ओटीपी मांगता है तो समझ जाना चाहिए कि वह ठग है। ऐसी कॉल काटने के बाद भी उसकी शिकायत संचार साथी पर दर्ज करानी चाहिए, क्योंकि अगली कॉल किसी बुजुर्ग या ऐसे व्यक्ति के पास जा सकती है, जो ठग के झांसे में आ जाए।
खोया मोबाइल वापस पाने में भी मददगार है संचार साथी
प्रधानमंत्री ने संचार साथी ऐप के जरिए खोए हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में मिल रही सफलता का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस प्लेटफॉर्म की मदद से अब तक देशभर में 14 लाख से अधिक खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को वापस सौंपे जा चुके हैं।
उन्होंने समझाया कि मोबाइल का आईएमईआई नंबर ब्लॉक कराने के बाद उसमें नया सिम डालकर भी उसका इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। यदि कोई व्यक्ति उस फोन में नया सिम डालकर नेटवर्क से जुड़ने की कोशिश करता है तो पुलिस के लिए मोबाइल की लोकेशन और इस्तेमाल करने वाले तक पहुंचना आसान हो जाता है।
इरोड का ऑर्गेनिक गुड़ पहली बार पहुंचा यूरोप
‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने भारतीय पारंपरिक उत्पादों की वैश्विक पहचान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय गुड़ और चॉकलेट की मांग दुनिया में बढ़ रही है। तमिलनाडु के इरोड का ऑर्गेनिक पामायरा गुड़ पहली बार यूरोप पहुंचा है। वहीं, पिछले साल चॉकलेट और कोको से बने उत्पादों का निर्यात करीब 25 प्रतिशत बढ़ा है। पीएम मोदी ने कहा कि पारंपरिक मिठास के साथ नए प्रयोग किसानों और युवा उद्यमियों के लिए नए अवसर पैदा कर रहे हैं।
उन्होंने गुजरात के कच्छ में ऊंटनी के दूध से बनने वाली चॉकलेट का भी जिक्र किया। प्रधानमंत्री के मुताबिक, सरहद डेयरी में ऊंटनी के दूध का दैनिक संग्रह 1,300 लीटर से बढ़कर 5,500 लीटर हो गया है। अमूल इस दूध से चॉकलेट, केसर फ्लेवर्ड मिल्क और राजभोग आइसक्रीम जैसे उत्पाद तैयार कर रहा है।
सरकारी कर्मचारियों के सीखने के जज्बे की पीएम ने की सराहना
प्रधानमंत्री ने सरकारी कर्मचारियों के कौशल विकास और नई तकनीक सीखने के उत्साह की भी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘आई गॉट कर्मयोगी’ पर लाखों सरकारी कर्मचारी 17 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध सात हजार से अधिक कोर्स में हिस्सा ले रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि 20-25 साल से सरकारी सेवा में काम कर रहे कर्मचारी भी अपनी जिम्मेदारियों के साथ नई चीजें सीख रहे हैं। इनमें कृत्रिम मेधा (एआई) और इंडियन साइन लैंग्वेज जैसे विषय शामिल हैं। उन्होंने बताया कि एआई और नई तकनीक से जुड़े 200 से अधिक कोर्स में सवा तीन करोड़ से ज्यादा कोर्स पूरे किए जा चुके हैं।
आशा बहनों से पुलिसकर्मियों तक मिशन कर्मयोगी से जुड़े
प्रधानमंत्री ने बताया कि केंद्र सरकार के साथ राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कर्मचारी भी इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ रहे हैं। इनमें आशा बहनें, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, शिक्षक, पुलिसकर्मी, स्वास्थ्यकर्मी और सफाई कर्मचारी शामिल हैं।उन्होंने कहा कि ‘नागरिक देवो भव’ मिशन कर्मयोगी का मूल मंत्र है। सरकारी कर्मचारियों में सीखने की यह प्रवृत्ति विकसित भारत की यात्रा को मजबूती देने वाली बड़ी ताकत है।


