IT शेयरों ने लौटाई शेयर बाजार में रौनक, सेंसेक्स 879 अंक चढ़कर 72500 के करीब, निफ्टी 289 अंक मजबूत

मुंबई, नौ अक्टूबर। सूचना प्रौद्योगिकी (IT) कम्पनियों के शेयरों ने पिछले दो कारोबारी सत्रों में बड़ी गिरावट देखने वाले घरेलू शेयर बाजार की रौनक लौटाई, जिसे कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी समर्थन मिला। इस क्रम में शुक्रवार को दोनों मानक सूचकांक अच्छी बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स जहां 879 अंक चढ़कर 24 घंटे में ही फिर 72,000 का स्तर पार करते हुए 72,500 के करीब जा पहुंचा वहीं एनएसई निफ्टी ने 289 अंकों की मजबूती हासिल की।

सेंसेक्स 1.23 प्रतिशत बढ़कर 72,472.33 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 879.09 अंक यानी 1.23 प्रतिशत बढ़कर 72,472.33 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,075.96 अंक यानी 1.50 प्रतिशत चढ़कर 72,669.20 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 29 के शेयर हरे निशान पर रुके और सिर्फ एक (रिलायंस इंडस्ट्रीज) में गिरावट दर्ज की गई।

निफ्टी 1.30 प्रतिशत बढ़कर 22,520.45 पर बंद

वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक निफ्टी भी 288.65 अंक यानी 1.30 प्रतिशत बढ़कर 22,520.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सूचकांक ने एक समय 349 अंकों की बढ़त से 22,580.75 तक जा पहुंचा था। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 46 के शेयर लाभ में रहे तो चार में कमजोरी दिखी।

आईटीसी का शेयर सबसे ज्यादा 4.78 प्रतिशत चढ़ा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में आईटीसी का शेयर सबसे ज्यादा 4.78 प्रतिशत चढ़ा। एक दिन पहले ही अपने तिमाही परिणाम में लाभ दर्शाने वाले टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) में 4.23 प्रतिशत की तेजी आई। टीसीएस का जुलाई-सितम्बर तिमाही में शुद्ध लाभ 15 प्रतिशत बढ़कर 13,884 करोड़ रुपये रहा है। कम्पनी ने आगे भी वृद्धि की गति बने रहने का संकेत दिया है।

अदाणी पोर्ट्स, इन्फोसिस, एचसीएल टेक, लार्सन एंड टुब्रो और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। सेंसेक्स की प्रमुख कम्पनियों में केवल रिलायंस इंडस्ट्रीज का ही शेयर गिरावट के साथ बंद हुआ।

ब्रेंट क्रूड 1.32 प्रतिशत गिरकर 102.9 डॉलर प्रति बैरल पर

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.32 प्रतिशत गिरकर 102.9 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 12,943.58 करोड़ रुपये के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular