1. Home
  2. हिंदी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. लाहौर में फिर तोड़ी गई महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा, भारत बोला – पाकिस्तानी समाज में बढ़ रही असहिष्णुता
लाहौर में फिर तोड़ी गई महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा, भारत बोला – पाकिस्तानी समाज में बढ़ रही असहिष्णुता

लाहौर में फिर तोड़ी गई महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा, भारत बोला – पाकिस्तानी समाज में बढ़ रही असहिष्णुता

0
Social Share

नई दिल्ली, 17 अगस्त। पाकिस्तानी जमात में भारत विरोधी कृत्य थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस क्रम में तहरीक-ए-लब्बैक पाकिस्तान से जुड़े एक शख्स ने मंगलवार को लाहौर में महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा फिर ध्वस्त कर दी। इस घटना के बाद पाकिस्तान में खलबली मच गई है जबकि भारत ने इस कृत्य पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की है।

सोशल मीडिया वायरल हो रहे घटना के वीडियो में पाकिस्तानी कट्टरपंथी शख्स महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा ध्वस्त करते नजर आ रहा है। शख्स ने लाहौर किले में स्थापित 19वीं सदी के सिख शासक महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा को लगातार उखाड़ने की कोशिश की और फिर प्रतिमा तोड़कर गिरा दी। इस दौरान वह रणजीत सिंह के खिलाफ नारेबाजी भी कर रहा था।

आरोपितों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी : शाहबाज गिल

इस बीच पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान के विशेष सहायक डॉ. शाहबाज गिल ने कहा है कि लाहौर में रणजीत सिंह की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपितों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। यह बीमार मानसिकता के लक्षण हैं। ऐसे आरोपितों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।

अनपढ़ों का झुंड दुनिया में देश की छवि के लिए खतरनाक
पाकिस्तान के सूचना प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी ने भी इस कृत्य पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि अनपढ़ों का यह झुंड दुनिया में पाकिस्तान की छवि के लिए वाकई खतरनाक है।

अल्पसंख्यक समुदायों के प्रति सम्मान की कमी : भारतीय विदेश मंत्रालय

इधर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ‘हमने आज लाहौर में महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा के तोड़फोड़ के बारे में मीडिया में परेशान करने वाली खबरें देखी हैं। 2019 में अनावरण किए जाने के बाद से यह तीसरी ऐसी घटना है, जब प्रतिमा को तोड़ा गया है।

उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों की सांस्कृतिक विरासत पर इस तरह के हमले पाकिस्तानी समाज में बढ़ती असहिष्णुता और अल्पसंख्यक समुदायों के प्रति सम्मान की कमी को उजागर करते हैं।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के अध्यक्ष मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी इस तरह की नफरत फैलाने वालों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पहले भी 2 तोड़ी जा चुकी है प्रतिमा
ज्ञातव्य है कि लाहौर किले में महाराजा रणजीत सिंह की प्रतिमा का अनावरण जून, 2019 में किया गया था। तब से अब तक यह तीसरी घटना है, जब कट्टरपंथियों द्वारा इसे निशाना बनाया गया है। इससे पहले अगस्त, 2019 और दूसरी बार दिसंबर, 2020 में भी यह प्रतिमा क्षतिग्रस्त की जा चुकी है।

आरोपित शख्स गिरफ्तार
फिलहाल चौतरफा दबाव के बाद पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की पुलिस भी हरकत में आई और आरोपित रिजवान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

फिर से स्थापित की जाएगी प्रतिमा
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के मुख्यमंत्री उस्मान बुजदारी ने भी प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की घटना पर संज्ञान लेते हुए लाहौर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी से रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा है कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रतिमा को उसकी मूल स्थिति में बहाल किया जाएगा।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code