Site icon hindi.revoi.in

भारतीय महिला अंडर-18 हॉकी टीम ने सिंगापुर पर ठोके 25 गोल, एशिया कप के सेमीफाइनल में बनाई जगह

Social Share

काकामिगाहारा (जापान), 3 जून। भारतीय महिला टीम ने यहां महिला अंडर-18 एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन जारी रखा और बुधवार को एकतरफा मैच में  सिंगापुर पर 25 गोल ठोक दिए और ग्रुप ए में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह सुनिश्चित कर ली।

कावासाकी हेवी इंडस्ट्रीज हॉकी स्टेडियम खेले गए इस एकतरफा मुकाबले में भारतीय टीम की तरफ से 10 अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए। नौशीन नाज ने सर्वाधिक सात गोल (8′, 13′, 17′, 18′, 40′, 52′, 58′) किए। वहीं ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ गीताश्री नम्मी ने पांच गोल (13′, 28′, 47′, 48′, 60′) किए जबकि कप्तान स्वीटी कुजूर ने चार गोल (2′, 24′, 38′, 45′) किए।

प्रियंका मिंज ने भी हैट्रिक (22′, 37′, 53′) बनाई जबकि दीया (27′), नैन्सी सरोहा (36′), श्रुति कुमारी (40′), पुष्पा मांझी (47′), रश्मीन कौर (47′), और संदीपा कुमारी (51′) ने एक-एक गोल किए।

भारतीय टीम ने अपने आक्रामक खेल से मैच की शुरुआत में ही अपने इरादे जाहिर कर दिए थे। कप्तान स्वीटी ने दूसरे मिनट में गोल किया। फिर नौशीन ने आठवें मिनट में बढ़त बढ़ाई। गीताश्री और नौशीन दोनों ने 13वें मिनट में गोल कर मैच पर भारत का दबदबा स्थापित कर दिया। पहले क्वार्टर में भारत ने 4-0 की बढ़त बना रखी थी। दूसरे क्वार्टर में, भारतीय महिलाओं ने अपना दबदबा और बढ़ाया, नौशीन ने दो तेज गोल किए। इसके बाद प्रियंका और स्वीटी ने हाफटाइम से पहले भारत की बढ़त बढ़ाने में मदद की।

आधे समय तक 10-0 से आगे निकल चुकी भारतीय टीम की ओर से ब्रेक के बाद भी गोलों का सिलसिला जारी रहा। दीया और गीताश्री ने तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में ही गोल किए, जिसमें नैन्सी, प्रियंका, स्वीटी, नौशीन और श्रुति सभी ने गोल किए, जिससे भारत ने सिंगापुर की रक्षापंक्ति को तोड़ दिया। भारत ने आखिरी क्वार्टर में नौ गोल किए।

भारत की सेमीफाइनल में पांच जून को चीन से टक्कर

देखा जाए तो यह अंडर-18 स्तर पर भारतीय टीम के सबसे बेहतरीन प्रदर्शनों में से एक है। भारत ने मलेशिया, कोरिया और सिंगापुर के खिलाफ जीत हासिल की और पूल ए में बिना अजेय रहते हुए अधिकतम नौ अंक के साथ शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह पक्की की। भारत की अब पांच जून को सेमीफाइनल में चीन से टक्कर होगी जबकि मेजबान जापान का सामना कोरिया से होगा।

Exit mobile version