Site icon hindi.revoi.in

भारतीय रेलवे की तैयारी : दिल्ली-मुंबई सहित 9 नए मार्गों पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने का प्रस्ताव

Social Share

नई दिल्ली, 24 जून। भारतीय रेलवे आधुनिक सुविधाओं से युक्त वंदे भारत ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की दिशा में तेजी से प्रयासरत है। इस क्रम में रेलवे ने मुंबई-दिल्ली सहित नौ नए मार्गों पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू करने की योजना बनाई है। दरअसल, वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें लंबी दूरी की यात्रा के लिए डिजाइन की गई हैं, जो रात की यात्रा के लिए ज्यादा आरामदायक हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रेलवे वंदे भारत स्लीपर ट्रेन नेटवर्क को बढ़ाने के लिए तैयार है, जिसमें 9 नए रूट पर ट्रेनें चलाने की बातचीत चल रही है। इसमें दिल्ली-मुंबई रूट भी शामिल है, जिसे देश का सबसे व्यस्त रेल कॉरिडोर माना जाता है। वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू होने के बाद यात्रा का समय काफी कम हो सकता है।

इन मार्गों पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने का प्रस्ताव

रेलवे ने जिन नए मार्गों पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की योजना बनाई है, उनमें नई दिल्ली-मुंबई रूट के अलावा नई दिल्ली-अहमदाबाद, नई दिल्ली-हावड़ा, नई दिल्ली-चेन्नई, नई दिल्ली-सिकंदराबाद, नई दिल्ली-पुणे, मुंबई-अहमदाबाद और नई दिल्ली-श्रीनगर शामिल हैं। हालांकि, रेलवे अब तक इन रूट्स की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं की है। ये अभी प्रस्तावित रूट हैं, जिन पर यात्रियों की ज्यादा डिमांड है और ये बड़े शहरों को जोड़ते हैं।

मुंबई-बेंगलुरु रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को पहले ही मिल चुकी है मंजूरी

गौरतलब है कि मुंबई-बेंगलुरु रूट पर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को पहले ही मंजूरी मिल चुकी है। बीते दिनों मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के फर्स्ट AC कोच का पहला लुक सामने आया था। प्रीमियम इंटीरियर, मॉडर्न केबिन और बेहतर सुविधाओं वाली इस ट्रेन ने पहले ही रेल के शौकीनों और अक्सर यात्रा करने वालों के बीच उत्साह पैदा कर दिया है।

आरामदायक सफर का अनुभव देने के लिए डिजाइन किए गए इन कोच में साफ लेआउट, बेहतर लाइटिंग, प्रीमियम फिनिश और जगह का बेहतर इस्तेमाल है। इसके अलावा, अपग्रेडेड वॉशरूम, एडवांस्ड पैसेंजर इन्फॉर्मेशन डिस्प्ले सिस्टम, बेहतर सुरक्षा उपाय और CCTV सर्विलांस भी दिए गए हैं। इन सुविधाओं से सफर अधिक आरामदायक और सुरक्षित होगा।

Exit mobile version