कोरोना से राहत : दो वर्ष बाद 27 मार्च से फिर शुरू हो जाएंगी नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

नई दिल्ली, 8 मार्च। देश में समाप्ति की ओर बढ़ चली कोरोना महामारी के मद्देनजर भारत सरकार ने दो वर्ष बाद नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ाने संचालन फिर शुरू करने का फैसला किया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने मंगलवार को जारी नई नोटिस में बताया कि भारत सरकार ने मार्च के आखिरी हफ्ते में देश से नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है। 27 मार्च, 2022 से अंतरराष्ट्रीय यात्री सेवाओं को फिर से शुरू किया जाएगा।

कोविड-19 के कारण 23 मार्च, 2020 से निलंबित हैं नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानें

मंत्रालय ने हालांकि, इसके लिए एक शर्त भी रखी है। यानी नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन  अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय के दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन करने के अधीन होगा। उल्लेखनीय है कि पिछले दो वर्षों से इंटरनेशनल कमर्शियल फ्लाइट्स पर प्रतिबंध लगा हुआ था। देश में ऐसी उड़ानें 23 मार्च, 2020 से कोविड-19 महामारी के कारण निलंबित हैं।

इससे पहले ऐसी खबरें सामने आ रही थीं कि 15 मार्च से एक बार फिर से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को शुरू किया जा सकता है। लेकिन अब नागरिक उड्डयन मंत्रालय की ओर से यह सूचना जारी की गई है कि 27 मार्च 2022 से अंतरराष्ट्रीय यात्री सेवाओं को फिर से शुरू किया जाएगा। वैसे, 28 फरवरी 2022 तक भारत में इन उड़ानों पर प्रतिबंध था।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular